Share Market Update Today : मुंबई। चालू वित्त वर्ष के पहले दिन स्थानीय शेयर बाजार में तेजी रही और बीएसई सेंसक्स 1,187 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 348 अंक की बढ़त में रहा। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ घरेलू बाजार में मजबूती आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,186.77 अंक यानी 1.65 प्रतिशत बढ़कर 73,134.32 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय इसमें 2,017.03 अंक की तेजी दर्ज की गई और यह 73,964.58 अंक पर पहुंच गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 348 अंक यानी 1.56 प्रतिशत चढ़कर 22,679.40 अंक पर बंद हुआ।

इन शेयरों में आई जबरदस्त तेजी
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी बाजार की धारणा को मजबूती दी। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारतीय स्टेट बैंक और इटर्नल प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, सन फार्मा, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारती एयरटेल शामिल हैं। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों में 3,828 शेयर लाभ में रहे, जबकि 508 में गिरावट आई। वहीं 101 के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पश्चिम एशिया संघर्ष के संभावित समाधान के संकेत वाले बयान के बाद जोखिम लेने की प्रवृत्ति में सुधार हुआ है। इसके कारण भारतीय शेयर बाजारों ने वित्त वर्ष 2026-27 में मजबूत शुरुआत की।’’

एशियाई बाजारों में भी आई तेजी
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में सकारात्मक रुख था। अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को तेजी थी। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजारों ने नए वित्त वर्ष में सकारात्मक शुरुआत की। पश्चिम एशिया में संघर्ष में कमी आने और ऊर्जा आपूर्ति में समस्या कम होने की उम्मीदों के कारण शेयर बाजारों में तेजी आई।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणी ने बाजारों में तेजी लाने का काम किया। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ समझौता हो या नहीं, अमेरिका, ईरान से दो से तीन सप्ताह में बाहर निकल सकता है। इससे वैश्विक जोखिम वाली परिसंपत्तियों में व्यापक राहत मिली।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत टूटकर 103.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। ‘महावीर जयंती’ के मौके पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहे थे। शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 11,163.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 14,894.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 1,635.67 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 488.20 अंक की गिरावट आई थी।



