Share Marekt Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और बीएसई सेंसेक्स 510 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23,000 अंक के पार पहुंच गया। कच्चे तेल के दाम में नरमी और दुनिया के अन्य बाजारों में तेजी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। इसके अलावा, आईटी शेयरों में लिवाली से शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में सुधार हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 509.73 अंक यानी 0.69 प्रतिशत बढ़कर 74,616.58 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह ऊंचे में 74,686.32 अंक तक गया और नीचे में 73,282.41 अंक तक आया। इससे बाजार में 1,403.91 अंक का उतार-चढ़ाव आया। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 155.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत चढ़कर 23,123.65 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में आई तूफानी तेजी
सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 109 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, भारतीय बाजारों में कारोबार के दौरान तेज सुधार देखने को मिला। निफ्टी ने शुरुआती नुकसान से उबरते हुए उच्च स्तर हासिल किया। यह सुधार मुख्य रूप से सौदों को पूरा करने के लिए की गयी लिवाली और चुनिंदा क्षेत्रों की मजबूती के कारण हुआ है न कि चौतरफा खरीदारी के कारण। उन्होंने कहा कि आज की तेजी का एक प्रमुख कारण सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों का मजबूत प्रदर्शन है।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, घरेलू बाजार में सुधार का रुख जारी रहा। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और ईरान के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की समय सीमा को लेकर जारी आशंकाओं के कारण सत्र की शुरुआत कमजोर रही। मुख्य रूप से बढ़त आईटी, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों और धातु क्षेत्रों में सीमित रही…। बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,671 में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 1,555 शेयरों में गिरावट आई और 155 शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे।

बढ़त के साथ बंद हुए एशियाई बाजार
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए। हांगकांग में अवकाश के कारण बाजार बंद थे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में सकारात्मक रुख था। जबकि अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 8,167.17 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 8,088.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 787.30 अंक बढ़कर 74,106.85 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 255.15 अंक चढ़कर 22,968.25 अंक पर रहा था।



