Sriganganagar Border Heroin Seized: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है. इस संयुक्त ऑपरेशन में CID, पुलिस और BSF टीमों ने 4 युवकों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत भेजी गई थी. इस मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
ड्रोन के जरिए तस्करी का खुलासा
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर तुरंत संयुक्त अभियान चलाया गया. इस कार्रवाई को सीआईडी, स्थानीय पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मिलकर श्रीकरणपुर क्षेत्र में सीमा के पास तलाशी अभियान और नाकेबंदी की.
रात में गिराए गए पैकेट
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान रात में ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पैकेट गिराए जाने की जानकारी मिली. तलाशी के दौरान करीब 12 किलोग्राम हेरोइन छोटे-छोटे पैकेटों में बरामद की गई. पुलिस ने बताया कि पैकेट लेने पहुंचे दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया. इसके अलावा कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है.
पंजाब में सप्लाई की थी योजना
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह हेरोइन पाकिस्तानी तस्करों द्वारा भेजी गई थी और इसे आगे पंजाब में सप्लाई किया जाना था. इस घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं. ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है और पूरे नेटवर्क को खंगालने की कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें: ईरान ने किया पायलट के रेस्क्यू में लगे C-130 एयरक्राफ्ट को मार गिराने का दावा, जानें क्या बोला अमेरिका ?



