Monday, February 23, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessGold-Silver Price Today : कमजोर वैश्विक संकेतों, सुस्त मांग से चांदी और...

Gold-Silver Price Today : कमजोर वैश्विक संकेतों, सुस्त मांग से चांदी और सोने की कीमतों में दो प्रतिशत तक की गिरावट

नई दिल्ली के सर्राफा बाजार में कमजोर वैश्विक संकेत और सुस्त मांग के कारण सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। चांदी 5,000 रुपये घटकर 2.45 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 2,200 रुपये गिरकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

Gold-Silver Price Today : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में दो प्रतिशत तक की गिरावट आई। कमज़ोर वैश्विक संकेतों के बीच सुस्त मांग की वजह से चांदी की कीमत 2.45 लाख रुपये प्रति किलोग्राम और सोने की कीमत 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत सोमवार के बंद स्तर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम से 5,000 रुपये या दो प्रतिशत घटकर 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गई।

सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपये या 1.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। पिछले सत्र में सोने की कीमत 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चॉइस ब्रोकिंग की जिंस विश्लेषक, कावेरी मोरे ने कहा, ‘‘मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि एशियाई बाजार की छुट्टियों के कारण कम नकदी प्रवाह और अमेरिका में महंगाई दर के नरम आंकड़ों ने भविष्य में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों को बढ़ावा दिया।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 1.65 डॉलर या 2.15 प्रतिशत घटकर 74.96 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 1.04 प्रतिशत घटकर 4,938.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। मिराए एसेट शेयरखान के प्रमुख (जिंस एवं मुद्रा), प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘मंगलवार को जिनेवा में शुरू होने वाली अमेरिका-ईरान बातचीत से पहले निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से हाजिर सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही।’’

बाजार प्रतिभागियों का ध्यान अब अमेरिकी एडीपी रोजगार रिपोर्ट और रूस और यूक्रेन के बीच अमेरिका की अगुवाई वाली बातचीत सहित मुख्य भू-राजनीतिक विकासक्रम पर है। उन्होंने कहा कि इसके नतीजे का जोखिम धारणा और सुरक्षित निवेश आस्तियों की मांग पर अहम असर पड़ेगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular