Monday, March 16, 2026
HomeParliament Sessionसंसद पर हमले की बरसी पर लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक,...

संसद पर हमले की बरसी पर लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, विजिटर्स गैलरी से दो लोग सदन में कूदे, पीला धुआं छोड़ा, आतंकी पन्नू ने दी थी हमले की बड़ी धमकी

नई दिल्ली। देश के संसद भवन पर आतंकवादी हमले की 22वीं बरसी के दिन बुधवार को लोकसभा की सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए दो लोग सदन के अंदर कूद गए। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया जिसमें एक शख्स को मेज़ों पर कूदते हुए दिख रहा है। सुरक्षाकर्मियों के अलावा कुछ सांसद भी उन्हें पकड़ने की कोशिश करते नज़र आए। सुरक्षा में चूक पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि शून्यकाल के दौरान हुई घटना की गहन जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह सिर्फ धुआं था और धुएं के बारे में चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। लोकसभा में गैलरी से कूदने वाले आरोपियों की पहचान हुई। इनमें एक का नाम सागर शर्मा तो दूसरे का मनोरंजन है। यह मैसूर, कर्नाटका का निवासी है। गहन पूछताछ के लिए दोनों को आईबी की टीम साथ ले गई।

सदन में दर्शक दीर्घा से नीचे कूदने वाले दो लोगों को पकड़ने वाले कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उसके हाथ में कुछ था जिससे पीला रंग का धुआं निकल रहा था। मैंने उससे वह चीज छीनी और बाहर फेंक दी। लेकिन यह सुरक्षा में बड़ी चूक है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने बताया कि यह भयानक अनुभव था। कोई भी अनुमान नहीं लगा सका कि उनका लक्ष्य क्या था और वे ऐसा क्यों कर रहे थे? हम सभी तुरंत सदन से बाहर चले गए, लेकिन यह एक सुरक्षा चूक थी। वे धुआं छोड़ने वाले उपकरणों के साथ कैसे प्रवेश कर सकते थे?

सदन में शून्यकाल के दौरान दोपहर करीब एक बजे दर्शक दीर्घा से दो व्यक्ति सदन में कूदे और इनमें से एक व्यक्ति मेज को फांदते हुए आगे की ओर भाग रहा था। सुरक्षाकर्मियों और कुछ सांसदों ने उसे घेर लिया। बाद में दोनों को पकड़ लिया गया। पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। कुछ सांसदों ने बताया कि सदन में कूदने वाले व्यक्तियों ने कुछ ऐसे पदार्थ का छिड़काव किया, जिससे गैस फैल गई। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि कि सदन में दो लोग कूदे। समाजवादी पार्टी के सांसद एस टी हसन ने कहा कि दर्शक दीर्घा से दो लोग लोकसभा कक्ष में कूदे और जूते से कुछ ऐसी चीज निकाली, जिससे गैस फैलनी शुरू हो गई।

घटना के समय सदन की अध्यक्षता कर रहे भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि शर्तिया कोई खामी है। जब पहला शख्स नीचे दिखा, तो लगा कि शायद गिर गया होगा, लेकिन जब दूसरा शख्स भी नीचे आने लगा, तो हम सतर्क हो गए। दूसरे शख्स ने अपना जूता खोलकर कुछ बाहर निकालने की कोशिश की, जिसके बाद धुआं निकला। इसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। स्पीकर और ज़िम्मेदार लोग इस पर फ़ैसला लेंगे। घटना हुई तो रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी सदन में पहुंच गए थे।

संसद भवन में जारी सत्र में शून्यकाल के दौरान दो शख्स दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूद गए थे, जिन्हें अब हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से गहन पूछताछ जारी है।

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular