Sariska Tiger Reserve: सरिस्का टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सरिस्का बाघ परियोजना में बाघिन ST-17 ने 3 शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग के अनुसार, सरिस्का टाइगर प्रोजेक्ट के अकबरपुर रेंज क्षेत्र में लगाए गए कैमरा ट्रैप में बाघिन ST-17 अपने तीनों शावकों के साथ दिखाई दी है। कैमरा ट्रैप में शावक स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं, जिससे उनके जन्म की पुष्टि हो गई है.
बाघो का कुनबा बढ़कर 52 हुआ
इस संबंध में सरिस्का के फील्ड डायरेक्टर संग्राम सिंह कटियार ने जानकारी देते हुए बताया कि कैमरा ट्रैप फुटेज में बाघिन अपने तीनों शावकों के साथ दिखाई दी है। 3 नए शावकों को जन्म से अब सरिस्का में बाघों का कुनबा बढ़कर 52 हो गया है. वन विभाग की टीम लगातार इस क्षेत्र की निगरानी कर रही है ताकि शावकों और बाघिन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
पहले भी दे चुकी शावकों को जन्म
सरिस्का बाघ परियोजना के फील्ड डायरेक्टर कटियार ने बताया कि बाघिन ST-17 पहले भी शावकों को जन्म दे चुकी है और यह उसका दूसरा सफल प्रजनन है. उन्होंने कहा सरिस्का टाइगर रिजर्व में शावकों का जन्म वहां के पारिस्थितिक तंत्र और संरक्षण प्रयासों की सफलता का परिणाम है। इस उपलब्धि से सरिस्का की पारिस्थितिकी को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा और बाघ संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी।
शावकों की कैमरा ट्रैप से रखी जाएगी नजर
वन विभाग का कहना है कि आने वाले समय में इन शावकों की गतिविधियों पर कैमरा ट्रैप और फील्ड मॉनिटरिंग के जरिए नजर रखी जाएगी। इस खुशखबरी से सरिस्का में वन्यजीव संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश गया है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: Donald Trump ने बताया पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को अमेरिका कैसे करेगा कंट्रोल, किया ये बड़ा ऐलान




