Wednesday, March 4, 2026
HomePush NotificationIND vs ENG T20 World Cup Semi Final : मोर्ने मोर्केल बोले-...

IND vs ENG T20 World Cup Semi Final : मोर्ने मोर्केल बोले- सेमीफाइनल तक पहुंचने का तरीका नहीं, अगले दो मैच जीतना मायने रखता है

मोर्ने मोर्कल ने कहा कि सेमीफाइनल तक पहुंचने का तरीका नहीं, बल्कि अगले दो मैच जीतना अहम है। उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बावजूद भारत ने जगह बनाई है। इंग्लैंड को उन्होंने खतरनाक और निडर टीम को बताया। मोरकेल के अनुसार पिच और परिस्थितियों को देखते हुए अंतिम एकादश तय होगी, और टीम का लक्ष्य दबाव में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।

IND vs ENG T20 World Cup Semi Final : मुंबई। इंग्लैंड की तरह भारत का भी टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक का सफर आसान नहीं रहा है, लेकिन गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने घरेलू टीम के अब तक के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रहने को खास तवज्जो नहीं दी और बुधवार को यहां कहा कि सेमीफाइनल तक पहुंचने का तरीका नहीं बल्कि अगले दो मैच जीतना मायने रखता है। टी20 विश्व कप में मौजूदा चैंपियन भारत को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टूर्नामेंट में अब तक उसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उसे करो या मरो की स्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन उसने किसी तरह जीत हासिल कर ली।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान मोर्केल से वरुण चक्रवर्ती सहित भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी सवाल किए गए जो कुछ मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। मोर्केल ने कहा, ‘‘वे अच्छी टीमें हैं, वे अच्छा खेलते हैं। अगर आप उम्मीद करते हैं कि हम टीमों को 120 या 150 रन पर आउट कर देंगे तो ऐसी उम्मीद करना सही नहीं है। हम सेमीफाइनल में हैं और जीत हासिल करके ही यहां पहुंचे हैं। हम जानते हैं कि भारत में जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है।’’ भारतीय गेंदबाजी कोच ने कहा, ‘‘यह मायने नहीं रखता कि आप सेमीफाइनल तक कैसे पहुंचते हैं। मायने यह रखता है कि आप अगले दो मैचों में कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं।’’

इंग्लैंड को भी सेमीफाइनल में पहुंचने से पहले कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है और उसकी टीम भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार होगी। मोर्केल ने कहा, ‘‘हमने वास्तव में इसके (परफेक्ट मैच) बारे में बात नहीं की है। हमारी यह टीम प्रतिभाशाली है और जरूरत पड़ने पर कोई भी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है। हमें उम्मीद है कि आखिरी दो मैच में भी हम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि खेल कैसे चलता है और इसमें सफलता की कोई गारंटी नहीं होती है। लेकिन हमें मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिलता है और हमारा यही लक्ष्य है। कल हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है। मुझे उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी अपनी रणनीति पर अमल करके अनुकूल परिणाम हासिल करेंगे।’’

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ मिली जीत अब मायने नहीं रखती और उन्होंने हैरी ब्रुक की अगुवाई वाली टीम को खतरनाक बताया। मोर्केल ने कहा, ‘‘इंग्लैंड की टीम बेहद चतुर है। उसकी टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उनकी बल्लेबाजी में गहराई है जिससे वह एक बहुत ही खतरनाक टीम बन जाती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजी में उनके पास कई विकल्प हैं। मुझे लगता है कि जिस तरह से वे टी20 मैच खेलते हैं। जिस तरह से वे निडर होकर मैच को अपने पक्ष में करने की कोशिश करते हैं, उससे उन्हें मौके मिलेंगे और यही बात उन्हें एक खतरनाक टीम बनाती है। मुझे लगता है कि कल दो आक्रामक टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होगा।’’

पिच के बारे में मोर्केल ने कहा, ‘‘मैच से एक दिन पहले हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि विकेट कैसा खेलेगा। भारत में अचानक बहुत गर्मी हो गई है, इसलिए नमी बनाए रखना और विकेट को सूखने से बचाना, मेरे विचार में बहुत महत्वपूर्ण होगा। टीम का चयन मैच के दिन की स्थिति के आधार पर किया जाएगा।’’

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular