Rajya Sabha Elections: कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 5 राज्यों से 6 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी का नाम प्रमुख है जिन्हें एक बार फिर से तेलंगाना से उम्मीदवार बनाया गया है. कुल 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होने हैं. मतों की गिनती उसी दिन की जाएगी. ये सीटें अप्रैल में रिक्त हो रही हैं. जिन 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है उनमें से 4 कांग्रेस के पास थीं. यदि पार्टी के सभी 6 उम्मीदवार जीतते हैं तो उसे 2 सीटों का लाभ हो सकता है. राज्यसभा में कांग्रेस के वर्तमान में 27 सदस्य हैं और इन सभी 6 उम्मीदवारों के निर्वाचित होने की स्थिति में उसके सदस्यों की संख्या बढ़कर 29 हो जाएगी.
छत्तीसगढ़ से फूलो देवी, हिमाचल से अनुराग शर्मा उम्मीदवार
पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को फिर से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है. वह वर्तमान में छत्तीसगढ़ से ही राज्यसभा सदस्य हैं. पार्टी ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाया है.
The Congress President Shri @kharge, has approved the proposal for the candidature of the following persons to contest the Rajya Sabha elections as Congress candidates from the states mentioned against their names: pic.twitter.com/5rjufZqpEX
— Congress (@INCIndia) March 5, 2026
हरियाणा, तमिलनाडु से किसे बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने हरियाणा से कर्मवीर सिंह बौद्ध को टिकट दिया है. दलित समुदाय से आने वाले बौद्ध ने पार्टी के ‘संविधान बचाओ अभियान’ में सक्रिय भूमिका निभाई है और उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की पसंद माना जा रहा है. तमिलनाडु से एम क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार घोषित किया गया है. ईसाई समुदाय से ताल्लुख रखने वाले तिलक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव हैं.
अभिषेक मनु सिंघवी को तेलंगाना से बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने अपने शासन वाले तेलंगाना से वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी को फिर से उम्मीदवार घोषित किया है. सिंघवी वर्तमान में तेलंगाना से ही राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अप्रैल में खत्म होने वाला है. प्रदेश में दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है और कांग्रेस ने दूसरी सीट के लिए वी नरेंद्र रेड्डी को उम्मीदवार घोषित किया है, हालांकि दूसरी सीट के लिए उसके पास विधायकों की पर्याप्त संख्या नहीं है.
कहां कितनी सीटों पर राज्यसभा चुनाव
कांग्रेस के 4 राज्यसभा सदस्यों सिंघवी (तेलंगाना), फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी (छत्तीसगढ़) तथा रजनी पाटिल (महाराष्ट्र) का कार्यकाल अप्रैल महीने में पूरा हो रहा है. महाराष्ट्र में 7 सीटों, तमिलनाडु से 6, पश्चिम बंगाल और बिहार से 5-5 सीटों, ओडिशा से 4 सीटों, असम से 3 सीटों, हरियाणा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ से 2-2 सीटों तथा हिमाचल प्रदेश से 1 सीट के लिए राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Iran Israel War: पश्चिम एशिया में जंग का छठा दिन, ईरान ने इजराइल पर किए मिसाइल हमले




