Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। लगातार सक्रिय हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण प्रदेश में गर्मी फिलहाल कम हो गई है। शनिवार को नया सिस्टम एक्टिव होने के बाद सीमावर्ती जिलों में मौसम पूरी तरह बदल गया।
सीमावर्ती जिलों में बदला मौसम
जयपुर। जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर सहित पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में बादल छा गए।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए 8 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और फलोदी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जैसलमेर में तेज बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई इलाकों में खेतों में पानी भर गया, जिससे कटी हुई फसलें खराब हो गईं। रामगढ़ और कुछड़ी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नुकसान की जानकारी सामने आई है।
तापमान में आई गिरावट
मौसम में बदलाव के चलते पश्चिमी राजस्थान में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, जैसलमेर में 31.4, जोधपुर में 32.4 और बीकानेर में 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने से मौसम सुहावना हो गया।
कई शहरों में सामान्य से कम तापमान
सीकर, पिलानी, अलवर, नागौर, झुंझुनूं, दौसा, अजमेर, कोटा और उदयपुर में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। वहीं पाली में दिन का सबसे अधिक तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
रात के तापमान में भी गिरावट
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
आगे भी बना रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार एक और कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हुआ है, जिसका असर 22 मार्च को जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।




