Rajasthan Weather Update: प्रदेश के कई शहरों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है. IMD के जयपुर केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के अनेक इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश हुई. इस दौरान सबसे अधिक 25 मिलीमीटर बारिश बीकानेर जिले के नोखा में दर्ज की गई. इसके साथ ही अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.
इन इलाकों में असर जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ का मुख्य असर उत्तर पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बना रहेगा, जबकि राज्य के अधिकांश अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
21-22 मार्च को हल्की बारिश का अलर्ट
वहीं एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 21-22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि इसके बाद अगले 4-5 दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. साथ ही, आने वाले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.




