Tuesday, February 24, 2026
HomePush NotificationAI Impact Summit 2026: भाजपा का बड़ा आरोप, राहुल एआई समिट में...

AI Impact Summit 2026: भाजपा का बड़ा आरोप, राहुल एआई समिट में हुई अराजकता के ‘मास्टरमाइंड’ , कानून दोषियों तक पहुंचेगा

भारतीय जनता पार्टी ने एआई इम्पैक्ट समिट में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर ‘मास्टरमाइंड’ होने का आरोप लगाया। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि कानून जल्द ही साजिशकर्ताओं तक पहुंचेगा। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह एआई इम्पैक्ट समिट में भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ‘शर्ट उतारकर किए गए प्रदर्शन’ के ‘मास्टरमाइंड’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी थे। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने जोर देकर कहा कि कानून का लंबा हाथ जल्द ही उस ‘बदमाश’ तक पहुंचेगा जिसने पर्दे के पीछे से भारत को बदनाम करने के लिए ‘अराजक घटना’ की साजिश रची थी।

चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए उदय भानु चिब

भाजपा की यह प्रतिक्रिया दिल्ली की एक अदालत द्वारा एआई इम्पैक्ट समिट स्थल पर ‘शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने’ के संबंध में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजे जाने के बाद आई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस की युवा शाखा ने राहुल गांधी के इशारे पर एआई समिट में विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी इस अराजक घटना के मास्टरमाइंड हैं, बल्कि एक सुपर मास्टरमाइंड हैं। राहुल गांधी के इशारे पर भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और अन्य लोगों द्वारा शर्ट उतारकर किया गया प्रदर्शन भारत की छवि को धूमिल करता है।’’

राहुल और ‘लम्पट, गुंडे और मवाली’ लोगों में ज्यादा फर्क नहीं : भाजपा

भाजपा नेता ने कहा, राहुल गांधी और ‘लम्पट, गुंडे और मवाली’ लोगों में ज्यादा फर्क नहीं है। भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी शायद यह सोच रहे होंगे कि वे कानून से ऊपर हैं, लेकिन ‘‘कानून का लंबा हाथ जल्द ही उस व्यक्ति तक पहुंचेगा जिसने देश को बदनाम करने की कोशिश की है, चाहे वह कोई भी हो’’। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस हिरासत में उदय सच बताएगा और घटना में शामिल लोगों के नामों का खुलासा करेगा। हम यह जानने का इंतजार करेंगे कि इस मामले में क्या संबंध स्थापित होता है। यह बात सार्वजनिक की जाएगी और पूरे देश को पता चल जाएगा।’’

भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने गत शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान नाटकीय रूप से शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। वे सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपे टी-शर्ट लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चिब समेत भारतीय युवा कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular