हैदराबाद। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी. संजय कुमार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वे वोट बैंक की राजनीति के लिए अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं। सोमवार शाम हैदराबाद में रह रहे बंगाली समुदाय के लोगों से मुलाकात के दौरान कुमार ने उनसे अपील की कि वे पश्चिम बंगाल में अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उन्हें भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने के लिए प्रेरित करें।
कुमार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा सीमा पर बाड़ लगाने के प्रयासों में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम राजनीतिक हितों के कारण उठाया जा रहा है, जिससे अवैध घुसपैठ को बढ़ावा मिलता है उन्होंने बांग्लादेश से होने वाली कथित घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इससे देश की आंतरिक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कुमार के अनुसार, हैदराबाद में लगभग 60,000 बंगाली निवास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बिगड़ती परिस्थितियों के चलते कई बंगाली परिवार वहां से पलायन कर तेलंगाना में बसने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में पश्चिम बंगाल को सुरक्षा, स्थिरता और मजबूत शासन की आवश्यकता है।
कुमार ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के शासनकाल में बांग्लादेश और अन्य देशों से बड़ी संख्या में अवैध घुसपैठिए हैदराबाद पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों की सरकारों ने रोहिंग्या और अन्य घुसपैठियों को राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र जैसे दस्तावेज उपलब्ध कराए।
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



