Wednesday, March 11, 2026
HomePush Notificationइंटरनेट के बिना होगा पेमेंट, PhonePe ने पेश किया ‘On-The-Go’ कार्ड, जानें...

इंटरनेट के बिना होगा पेमेंट, PhonePe ने पेश किया ‘On-The-Go’ कार्ड, जानें इसके फायदे

फोनपे ने ‘PhonePe RuPay On-The-Go Card’ लॉन्च किया है, जो National Common Mobility Card आधारित कार्ड है। इससे मेट्रो, बस, ट्रेन, टोल और पार्किंग पर ‘टैप एंड पे’ से भुगतान किया जा सकेगा। प्री-पेड चिप में राशि स्टोर रहने के कारण इंटरनेट के बिना भी भुगतान संभव होगा।

PhonePe: डिजिटल भुगतान एवं फाइनेंशियल सर्विस प्लेटफॉर्म फोनपे ने ‘PhonePe Rupay On-The-Go Card’ पेश करने की घोषणा की है. जो कि एक राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन कार्ड (NCMC) है. यह पहल भारत के ‘एक देश एक कार्ड’ दृष्टिकोण की दिशा में अहम कदम है, जिसका उद्देश्य पूरे देश में सार्वजनिक परिवहन के भुगतान को डिजिटलीकृत करना है.

कार्ड की क्या है खासियत ?

फोनपे का ‘On-The-Go’ कार्ड उपयोगकर्ताओं की रोजाना यात्रा को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है और यह एक एकीकृत परिवहन कार्ड के रूप में काम करता है. इससे मेट्रो, बस, ट्रेन, टोल और पार्किंग जैसी सभी NCMC-सक्षम सेवाओं पर त्वरित ‘स्पर्श कर भुगतान’ (टैप एंड पे) के माध्यम से लेन-देन किया जा सकेगा. इस कार्ड की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसे तुरंत जारी किया जा सकता है जिससे लाखों यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ेगी. यह कार्ड प्री पेड आधारित संग्रहित मूल्य मॉडल पर काम करता है जिसमें राशि सीधे कार्ड की चिप में एकत्रित रहती है. इस व्यवस्था के कारण इंटरनेट के बिना भी इससे भुगतान संभव होगा.

कार्ड में कितने रुपए रख सकते हैं?

उपयोगकर्ता इस कार्ड में अधिकतम 2,000 रुपये तक की राशि जमा कर सकते हैं जबकि एक बार में बिना इंटरनेट के भुगतान की अधिकतम सीमा 500 रुपये है. फोनपे में भुगतान विभाग के प्रमुख दीप अग्रवाल ने कहा, ‘हम फोनपे ‘ऑन-द-गो’ कार्ड पेश करने को लेकर उत्साहित हैं जिसका लक्ष्य उन करोड़ों उपभोक्ताओं को सुविधा देना है जो रोजाना सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करते हैं. यह कार्ड देशभर में परिवहन सेवाओं पर त्वरित ‘टैप एंड पे’ की सुविधा देता है.

बिना इंटरनेट कैसे संभव होगा भुगतान ?

उन्होंने कहा, ‘यह कार्ड इंटरनेट के बिना भी काम करता है क्योंकि भुगतान कार्ड में उपलब्ध शेष राशि से होता है. यह हमारे डिजिटल वॉलेट प्रणाली को राष्ट्रीय सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने की दिशा में पहला कदम है, जिससे हर यात्री को सुरक्षित अनुभव मिलेगा और NCMC ढांचे के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आपसी संचालन क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा.’इस कार्ड की शुरुआत फिलहाल हैदराबाद मेट्रो से की जा रही है, इसे एलएंडटी मेट्रो रेल हैदराबाद लिमिटेड के साथ साझेदारी में लागू किया गया है, भविष्य में इसे देश के अन्य परिवहन सेवा प्रदाताओं के साथ भी जोड़ा जाएगा.

आप कहां से खरीद सकते हैं कार्ड ?

हैदराबाद मेट्रो के टिकट काउंटर से लोग फोनपे ‘ऑन-द-गो’ कार्ड खरीद सकेंगे. फोन नंबर के एक बार पासवर्ड सत्यापन के बाद मेट्रो एजेंट इस कार्ड को जारी कर देगा और इसे UPI, नकद या कार्ड के माध्यम से रिचार्ज भी किया जा सकेगा. हालांकि, शुरुआत में यह कार्ड हैदराबाद में जारी किया जा रहा है लेकिन यह पूरी तरह परस्पर-संचालित है. देशभर के सभी एनसीएमसी-सक्षम सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर इसे इस्तेमाल तथा ‘रिचार्ज’ किया जा सकता है जिनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहर शामिल हैं. यह पहल परिवहन क्षेत्र में फोनपे की रणनीतिक शुरुआत को दर्शाती है जिसमें एनसीएमसी कार्ड जारी करना और लेन-देन जैसी व्यापक सेवाएं शामिल हैं. भौतिक कार्ड के अलावा फोनपे अपने अनुप्रयोग के माध्यम से डिजिटल टिकट, पास एवं स्मार्ट कार्ड रिचार्ज की सुविधा भी देता है जिससे यात्रियों को एक समग्र डिजिटल अनुभव मिलता है.

ये भी पढ़ें: Supreme Court का बड़ा फैसला, पहली बार दी इच्छामृत्यु की परमिशन, 13 साल से कोमा में हैं हरीश राणा

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular