Magh Purnima 2026 : जयपुर। माघ पूर्णिमा रविवार को मनाई जाएगी। इसके साथ ही तीर्थराज प्रयागराज में एक माह से चल रहा माघ स्नान संपन्न हो जाएगा। छोटीकाशी के श्रद्धालु गलताजी में स्नान करेंगे। पूर्णिमा को दान-पुण्य पर जोर रहेगा। अगले दिन से फाल्गुन माह शुरू हो जाएगा। माघ पूर्णिमा पर आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुर श्रीजी को सफेद रंग की मनोहारी पोशाक धारण कराई जाएगी। सफेद पुष्पों से श्रृंगार किया जाएगा। मंगला झांकी के बाद महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
इस अवसर पर ठाकुर श्री शालिग्रामजी भगवान (नारायण जी) का भी वेद मंत्रों के साथ पंचामृत अभिषेक कर श्रृंगार किया जाएगा। श्रृंगार आरती में विशेष भोग अर्पित किए जाएंगे। हरिनाम संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में पूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा। श्री राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक कर ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया जाएगा। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि शाम को पूर्णिमा के पदों का गायन किया जाएगा।
यहां भी होगा उत्सव
चौड़ा रास्था के राधा दामोदरजी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी का अभिषेक कर विशेष झांकी सजाई जाएगी। त्रिपोलिया बाजार के विनोदी लाल जी, रामगंज बाजार के लाड़लीजी, चांदनी चौक स्थित बृज निधि जी सहित अन्य वैष्णव मंदिरों में भी पूर्णिमा पर ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई जाएगा।
गोपीनाथ जी का पाटोत्सव आज पुरानी बस्ती के गोपीनाथ जी मंदिर में रविवार को ठाकुरजी का 523वां पाटोत्सव मनाया जाएगा। महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह 8 से 9 बजे तक अभिषेक होगा। महिलाएं ठाकुरजी को भजन सुनाकर रिझाएंगी।




