Nitish Kumar News: जनता दल यूनाइटेड (JDU)के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे. इसके साथ ही सबसे लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल का अंत हो जाएगा. कुमार वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं. नीतीश ने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री और राज्य की नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा.
पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) March 5, 2026
नीतीश कुमार ने कहा, ‘2 दशकों से अधिक समय तक आपने लगातार मुझ पर विश्वास और समर्थन जताया है. उसी विश्वास की ताकत से हमने बिहार और आप सभी की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है. आपके भरोसे और समर्थन की शक्ति से ही आज बिहार विकास और गरिमा की एक नई पहचान प्रस्तुत कर रहा है.’
‘मैं राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखता हूं’
उन्होंने लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘इसी आकांक्षा को ध्यान में रखते हुए मैं इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखता हूं.’
‘राज्य में बनने वाली नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग मिलेगा’
जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा, ‘मैं पूरी ईमानदारी के साथ आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भविष्य में भी आपसे मेरा संबंध बना रहेगा और विकसित बिहार के निर्माण के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का मेरा संकल्प अडिग रहेगा. राज्य में बनने वाली नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा.’
पहली बार बिहार में बनेगा BJP का सीएम
वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को भारी जीत दिलाने के बाद कुमार के पद छोड़ने से अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के किसी नेता के मुख्यमंत्री बनने की संभावना है. यदि ऐसा होता है तो बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलेगा. हिंदी भाषी राज्यों में बिहार ही अब तक ऐसा राज्य रहा है जहां भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं रहा है.
नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना लगभग तय
बता दें कि बिहार से राज्यसभा की 5 सीट के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है और गुरुवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है. राज्य विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए कुमार का संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित होना लगभग तय माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Stock Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक, शुरुआती कारोबार में Sensex 550 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,651 पर




