Thursday, February 5, 2026
HomeBiharBihar Politics : तेजस्वी यादव बोले- बिहार चुनाव में विपक्ष को हराने...

Bihar Politics : तेजस्वी यादव बोले- बिहार चुनाव में विपक्ष को हराने के लिए राजग ने 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए

राजद नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में एनडीए ने 2025 विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को हराने के लिए 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए। उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने, महिलाओं के अपमान और विशेष राज्य के दर्जे व बढ़े आरक्षण जैसे मुद्दों पर विफल रहने का भी आरोप लगाया।

Bihar Politics : पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 2025 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को हराने के लिए लगभग 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए। नेता प्रतिपक्ष यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए चुनाव से पहले नीतीश कुमार सरकार द्वारा दी गई कथित रियायतों का परोक्ष रूप से जिक्र किया।

एनडीए ने चुनाव जीतने में खर्च किए 40,000 करोड़ रुपये : तेजस्वी

तेजस्वी ने आरोप लगाया, चुनाव में जनता हार गई और सत्ता तंत्र जीत गया। आपने लोकतंत्र को डर और भय के शासन (डर तंत्र) में बदल दिया है। उन्हें पैर में चोट के कारण कुर्सी पर बैठे-बैठे भाषण देने की अनुमति मिली थी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा, आपने हमें हराने के लिए 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए। फिलहाल समय आपके साथ हो सकता है लेकिन हमारा समय भी आएगा।

राजद नेता ने भाजपा नीत गठबंधन पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप भी लगाया और चुनाव से पहले बिहार में एक करोड़ से अधिक महिलाओं को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा, चुनाव के तुरंत बाद उत्तराखंड से, जहां आपकी पार्टी की सरकार है, एक नेता ने बिहार की विवाह योग्य लड़कियों को सस्ता बताया। आपकी सोच का यही स्तर है।

यादव ने यह टिप्पणी उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति द्वारा दिए गए विवादित बयान के संदर्भ में की। उन्होंने पटना में हाल ही में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की एक अभ्यर्थी की संदिग्ध यौन उत्पीड़न के बाद हुई मौत के मामले को लेकर भी बिहार सरकार की आलोचना की। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी गयी है।

तेजस्वी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग की

तेजस्वी ने वंचित जातियों के लिए बढ़े हुए आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने में सरकार की कथित विफलता को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की अहम सहयोगी होने के बावजूद यह मुद्दे लंबित हैं। यादव ने व्यंग्य करते हुए कहा, “चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार भी बिहार को भूल गई है।”

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular