Nasir-Junaid Murder Case: जुनैद और नासिर हत्याकांड मामले में आरोपी मोनू मानेसर को शनिवार शाम राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर केंद्रीय कारागृह से रिहा कर दिया गया. वह 2023 के इस मामले में करीब ढाई साल से न्यायिक हिरासत में था.
बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर लाई पुलिस
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने 5 मार्च को उसे नियमित जमानत दी थी, इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने पर भारी सुरक्षा के बीच उसकी रिहाई हुई. मोनू मानेसर को बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाकर पुलिस ने एस्कॉर्ट किया. इस दौरान बड़ी संख्या में उसके समर्थक और हरियाणा से आए गोरक्षक मौजूद रहे. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
नासिर-जुनैद के गाड़ी में मिले थे जले हुए शव
बता दें कि फरवरी 2023 में राजस्थान के डीग जिले के घाटमिका निवासी नासिर और जुनैद के जले हुए शव हरियाणा के भिवानी जिले में एक गाड़ी में मिले थे. दोनों चचेरे भाई थे. पुलिस ने इसे गो-तस्करी के संदेह में कथित गोरक्षकों द्वारा अपहरण, मारपीट और हत्या किए जाने का मामला बताया था. मामला गोपालगढ़ थाने में दर्ज हुआ था. इस मामले में मोनू मानेसर पर साजिश रचने और अपराध के लिए उकसाने का आरोप लगा था.
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों को बजरंग दल के सदस्यों ने अगवा कर पीटा और उनकी हत्या कर दी. हालांकि संगठन ने इन आरोपों से इनकार किया. मानेसर को हरियाणा पुलिस ने नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद राजस्थान पुलिस ने उसे सितंबर 2023 में हिरासत में लिया.




