Friday, August 15, 2025
HomePush NotificationMrunal Thakur Apologized : मृणाल ठाकुर ने बिपाशा बसु के शरीर के...

Mrunal Thakur Apologized : मृणाल ठाकुर ने बिपाशा बसु के शरीर के बारे में की गई अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांगी

अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने पुराने साक्षात्कार में बिपाशा बसु के शरीर पर की गई टिप्पणी पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी को आहत करने का नहीं था और उन्हें अपने शब्दों का चयन बेहतर करना चाहिए था।

Mrunal Thakur on Bipasha Basu : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने बिपाशा बसु के शरीर के बारे में टिप्पणी करने के कुछ दिन बाद उनसे माफी मांगी है और कहा कि उनका इरादा किसी को आहत करने का नहीं था। हाल में ठाकुर के पुराने साक्षात्कारों का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वह बिपाशा बसु के शरीर पर टिप्पणी करती नजर आई थीं।

अभिनेता अजय देवगन के साथ ‘‘सन ऑफ़ सरदार 2’’ में अभिनय करने वाली ठाकुर ने बृहस्पतिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखा। अभिनेत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि उन्हें अपने शब्दों पर अधिक ध्यान देना चाहिए था। ठाकुर (33) ने कहा कि काश उन्होंने अपने शब्दों का चयन अलग तरीके से किया होता। उन्होंने लिखा, 19 साल की उम्र में, किशोरावस्था में मैंने कई बेतुकी बातें कही थीं। मुझे हमेशा अपनी आवाज का वजन समझ नहीं आता था या यह भी नहीं पता होता था कि मजाक में कहे गए शब्द भी कितने आहत कर सकते हैं। लेकिन ऐसा हुआ और इसके लिए मुझे बहुत अफसोस है।

उन्होंने कहा, मेरा इरादा कभी किसी को ‘बॉडी शेम’ करने का नहीं था। यह एक साक्षात्कार में मजाकिया अंदाज में की गई बातचीत थी जो हद से आगे बढ़ गई। लेकिन मैं समझ सकती हूं कि यह कैसे हुआ, और काश मैंने अपने शब्दों को को सही चुना होता…समय के साथ, मैं यह समझने लगी हूं कि सुंदरता हर रूप में होती है, और अब मैं इसे सचमुच महत्व देती हूं। हाल में, सोशल मीडिया पर एक पुराना क्लिप वायरल हुआ था। इसमें ठाकुर अपने ‘‘कुमकुम भाग्य’’ के सह कलाकार अर्जित तनेजा के साथ दिख रही थीं। फिर से सामने आये साक्षात्कार में, तनेजा ने उन्हें शीर्षासन करने के लिए उकसाया, जिस पर ठाकुर ने मजाक में कहा कि वह अपने सिर के बल संतुलन बना सकती हैं…तनेजा ने फिर उनसे पुश-अप्स करने के लिए कहा।’’

जवाब में, ठाकुर ने दावा किया कि उन्हें (तनेजा को) एक हृष्ट-पुष्ट महिला से शादी करने में दिलचस्पी हो सकती है और उन्होंने बिपाशा बसु का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप एक ऐसी लड़की से शादी करना चाहते हैं जो हृष्ट-पुष्ट हो? जाओ बिपाशा से शादी कर लो…सुनो, मैं बिपाशा से कहीं बेहतर हूं, ठीक है। इसके बाद, बसु ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रहस्यमयी पोस्ट साझा की, जिसमें लिखा था, ‘‘मजबूत महिलाएं एक-दूसरे को ऊपर उठाती हैं। खूबसूरत महिलाएं, अपनी मांसपेशियां मजबूत करें… हमें मजबूत होना चाहिए… मांसपेशियां आपको हमेशा के लिए अच्छा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पाने में मदद करती हैं! इस पुरानी सोच को तोड़ें कि महिलाओं को मजबूत नहीं दिखना चाहिए या शारीरिक रूप से मज़बूत नहीं होना चाहिए।’’

ठाकुर की ‘‘सन ऑफ़ सरदार 2’’, एक अगस्त को रिलीज हुई और अभी सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। बसु ने अपने पति करण सिंह ग्रोवर के साथ 2020 की सीरीज़ ‘‘डेंजरस’’ में नज़र आने के बाद किसी फिल्म में काम नहीं किया है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular