Monday, February 23, 2026
HomeNational Newsबिना पार्किंग वाले मैरिज गार्डन, सड़कों पर बढ़ता जाम

बिना पार्किंग वाले मैरिज गार्डन, सड़कों पर बढ़ता जाम

शहर की सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। राज्य की राजधानी जयपुर बेतरतीब यातायात व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपने प्वॉइंट पर तो दिख जाते हैं पर उनका ध्यान ट्रैफिक सुधारने के बजाय बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहन चालकों पर ज्यादा रहता है।

प्रतीक चौवे, संपादक

शहर की सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। राज्य की राजधानी जयपुर बेतरतीब यातायात व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपने प्वॉइंट पर तो दिख जाते हैं पर उनका ध्यान ट्रैफिक सुधारने के बजाय बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहन चालकों पर ज्यादा रहता है। पहले ही अतिक्रमण से छोटी हुई सड़कों को अवैध पार्किंग और सकड़ा कर रही है। कार खरीदने से पहले पार्किंग दिखाने के तमाम नियम हवा हो गए हैं। यहां तक कि कई फ्लैट बनाकर बेचने वाले पार्किंग की व्यवस्था नहीं करते। उस पर मैरिज गार्डन रही कसर पूरी कर रहे हैं। ट्रैफिक जाम अब रोजमर्रा की गंभीर समस्या बन चुकी है।

सुबह-शाम शहर की सड़कों पर लंबी कतारें दिखाई पड़ती हैं। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूल जाते बच्चे या मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस, इन्हीं जाम में फंसे दिखाई देते हैं। स्मार्ट सिटी बनने का दावा करने वाला शहर आज बुनियादी यातायात प्रबंधन की परीक्षा में कमजोर दिखाई देता है। शादियों का सीजन आते ही सड़कों पर जाम की समस्या कई गुना बढ़ जाती है। इसकी बड़ी वजह वे मैरिज गार्डन हैं जो पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के बिना ही धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। हालत यह है कि सड़कें अस्थायी पार्किंग में बदल जाती हैं और आम राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। शहर के कई प्रमुख मार्गों और आवासीय इलाकों में स्थित मैरिज गार्डन नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। शादी समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित होते हैं, लेकिन परिसर में गाड़ियों के लिए पर्याप्त जगह नहीं होती। मजबूरन मेहमान अपनी कारें सड़क किनारे, फुटपाथों पर या आसपास की गलियों में खड़ी कर देते हैं। इससे न केवल ट्रैफिक बाधित होता है, बल्कि आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।

विडंबना यह है कि अधिकांश मैरिज गार्डन को लाइसेंस देते समय पार्किंग मानकों का पालन अनिवार्य बताया जाता है। इसके बावजूद या तो नियमों की अनदेखी हो रही है या फिर निरीक्षण में ढिलाई बरती जा रही है। कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों की शिकायतें लगातार सामने आती हैं, लेकिन कार्रवाई अक्सर औपचारिकता बनकर रह जाती है। शहर में वाहनों की संख्या तेज़ी से बढ़ी है, लेकिन सड़कें उस अनुपात में नहीं बढ़ पाईं। कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल का समन्वय कमजोर है और मैनुअल ट्रैफिक नियंत्रण पर अत्यधिक निर्भरता बनी हुई है। अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और बिना योजना के कट-यू-टर्न जाम को और विकराल बना देते हैं।

सार्वजनिक परिवहन मजबूत न होने से लोग निजी वाहनों पर निर्भर हैं, जिससे समस्या और गहरी हो रही है। हाल के वर्षों में फ्लाईओवर और अंडरपास बने जरूर हैं, पर ट्रैफिक दबाव की रफ्तार के सामने ये प्रयास पर्याप्त नहीं लगते। कई जगह निर्माण कार्य महीनों तक अधूरे पड़े रहते हैं, जिससे वैकल्पिक मार्ग भी बाधित होते हैं। दूसरी ओर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी—गलत दिशा में वाहन चलाना, रेड लाइट जंप करना और हेलमेट-सीट बेल्ट नियमों की अवहेलना भी जाम और अव्यवस्था को बढ़ाती है। केवल सड़क चौड़ी करने से समाधान नहीं निकलेगा। शहर को समन्वित ट्रैफिक प्रबंधन, स्मार्ट सिग्नल सिस्टम, मजबूत सार्वजनिक परिवहन और सख्त निरीक्षण की जरूरत है।

मेट्रो, बस सेवा और अन्य परिवहन साधनों को सुलभ बनाना होगा ताकि लोग निजी वाहनों से दूरी बनाएं। साथ ही, नागरिकों को भी यातायात अनुशासन अपनाने की जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि समय रहते ठोस और समग्र कदम नहीं उठाए गए, तो बढ़ता ट्रैफिक जाम न केवल आर्थिक नुकसान बढ़ाएगा बल्कि प्रदूषण और मानसिक तनाव को भी खतरनाक स्तर तक पहुंचा देगा। जयपुर की पहचान उसकी व्यवस्थित सड़कों और सुगम आवागमन से रही है। इसे बचाए रखना प्रशासन और जनता दोनों की साझा जिम्मेदारी है। ट्रैफिक पुलिस की भूमिका बेहद अहम है, लेकिन जमीनी स्तर पर अक्सर लापरवाही और चयनात्मक कार्रवाई के आरोप लगते रहते हैं। यदि नियम तोड़ने वालों को तत्काल और समान रूप से दंड मिले, तो अनुशासन स्वतः बेहतर हो सकता है। तकनीक आधारित चालान प्रणाली, कैमरा निगरानी, नियमित मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।

Prateek Chauvey
Prateek Chauveyhttps://jagoindiajago.news/
माननीय प्रतीक चौबे जी(Prateek Chauvey ) द्वारा प्रस्तुत यह मंच जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा भरने का प्रयास है। यहाँ दी गई जानकारी आपकी व्यक्तिगत और व्यावसायिक यात्रा में सहायक होगी, आपको नई सोच के साथ बदलाव और सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करेगी।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular