Maharashtra Municipal Election : मुंबई। देश में सबसे अमीर नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका सहित 29 महानगरपालिकाओं के लिए बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे मतदान संपन्न हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के आयुक्त दिनेश वाघमारे के मुताबिक अब तक 46 से 50 प्रतिशत तक मतदान हुआ है। वाघमारे ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया कि मतदान प्रतिशत 2017 के महानगरपालिका चुनावों के आंकड़ों से अधिक है। उन्होंने कहा कि वह मतदान प्रतिशत से संतुष्ट हैं। एसईसी के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में अपराह्न 3.30 बजे तक 41.13 प्रतिशत मतदान हुआ था।
आंकड़ों के मुताबिक अपराह्न 3:30 बजे तक सबसे अधिक 50.85 प्रतिशत मतदान कोल्हापुर में हुआ। वहीं, शुरुआती आठ घंटे में मुंबई में 41.08 प्रतिशत, पुणे में 36.95 प्रतिशत, नागपुर में 41.23 प्रतिशत, छत्रपति संभाजीनगर में 43.67 प्रतिशत और नासिक में 39.64 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतों की गिनती शुक्रवार को पूर्वाह्न 10 बजे शुरू होगी। अंतिम परिणाम शाम चार बजे तक आने की उम्मीद है।
BMC में सीटों का बंटवारा, बीजेपी-शिंदे साथ; कांग्रेस अलग लड़ रही
बीएमसी चुनाव में कुल 227 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। भाजपा- शिवसेना (शिंदे गुट) में गठबंधन हैं। बीजेपी 137 सीटों पर लड़ रही है वहीं शिंदे की शिवसेना ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। उधर शिवसेना यूबीटी ने मनसे के साथ अलांयस किया है। यूबीटी जहां 163 सीटों पर लड़ेगी वहीं MNS को 52 सीट मिली हैं। कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) से गठबंधन किया है। कांग्रेस 143 सीटों पर लड़ रही है वहीं वीबीए को 46 सीट दी गईं हैं। एनसीपी ने किसी के साथ हाथ नहीं मिलाया। अजित गुट वाली ये पार्टी 94 सीटों पर लड़ रही है।




