Kolkata TMC BJP Clash: कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से पूर्व TMC और BJP समर्थकों के बीच हुई झड़प के मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार देर रात 4 लोगों को जबकि आज सुबह 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस संबंध में अबतक 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कानूनी कार्रवाई की जा रही है.’
चुनाव आयोग ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने घटना के संबंध में कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने झड़पों के बाद राज्य मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए हमले पर भी रिपोर्ट मांगी है. चुनाव आयोग ने यह भी पूछा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राज्य में पहले से ही तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों का इस्तेमाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्यों नहीं किया गया.
पीएम मोदी की रैली से पहले हुई थी झड़प
बता दें कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों के बीच शनिवार को मध्य कोलकाता में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री की रैली से लगभग आधा घंटा पहले झड़प हुई थीं. आरोप है कि इस दौरान गिरिश पार्क इलाके में पश्चिम बंगाल की मंत्री शशि पांजा के आवास पर पत्थर फेंके गए. हिंसा रैली स्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर हुई जब भाजपा समर्थक प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने जा रहे थे।




