Monday, February 23, 2026
HomePush NotificationKishtwar encounter : किश्तवाड़ में भारतीय सेना का बड़ा प्रहार, जैश-ए-मोहम्मद का...

Kishtwar encounter : किश्तवाड़ में भारतीय सेना का बड़ा प्रहार, जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर सैफुल्लाह समेत 3 आतंकी ढेर

भारतीय सेना ने बताया कि किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मार गिराया, जिनमें स्वघोषित कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल था। यह कार्रवाई करीब 326 दिन तक चले कठिन ऑपरेशन का परिणाम रही, जिसमें सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने दुर्गम पहाड़ी इलाकों में आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आतंकियों का लगातार पीछा किया।

Kishtwar encounter : जम्मू। सेना ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को मारकर क्षेत्र में ‘‘आतंकी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार’’ किया गया और यह बेहद चुनौतीपूर्ण भूभाग में 326 दिन तक चलाए गए सतत संयुक्त अभियान का परिणाम है। रविवार को किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तानी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन सदस्य मारे गए जिनमें संगठन का स्वघोषित कमांडर भी शामिल था। सेना ने बताया कि सैनिकों, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में आतंकवादियों का पीछा किया।

किश्तवाड़ में जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकवादी ढेर

व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘नागरिक और सैन्य खुफिया एजेंसियों द्वारा तैयार मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर व्हाइट नाइट कोर, पुलिस और सीआरपीएफ ने पिछले लगभग एक वर्ष में अलग-अलग अभियानों के दौरान किश्तवाड़ के छात्रू क्षेत्र में सात आतंकवादियों को मार गिराया है।’’ कोर ने इसे क्षेत्र में ‘‘आतंकी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार’’ बताया। इसने कहा, ‘‘किश्तवाड़ क्षेत्र में 326 दिन तक लगातार और बेहद चुनौतीपूर्ण भूभाग में संयुक्त अभियान चलाया गया, जिनमें जवानों ने कड़ाके की ठंड, बारिश और जमा देने वाले सर्द मौसम के बीच दुर्गम इलाकों में आतंकवादियों का पीछा किया। कई बार मुठभेड़ हुईं।’’

कोर ने कहा, ‘‘अभियानों में उपग्रह तस्वीरें, सुदूर संचालित विमान प्रणाली और अलग-अलग तरीके के ड्रोन जैसी तकनीकों का लगातार उपयोग किया गया। सुरक्षा एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार रविवार को मारे गए तीन आतंकवादियों में से एक जैश का स्वघोषित कमांडर सैफुल्लाह था और कथित तौर पर करीब पांच वर्ष पहले जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कर आया था। माना जाता है कि उसने जुलाई 2024 में किए गए हमले सहित सुरक्षाबलों पर कई घातक हमलों की साजिश रची थी। जुलाई 2024 के हमले में चार जवान मारे गए थे।

सेना ने कहा कि सैफुल्लाह और उसके साथियों के खात्मे तक पहुंची यह कार्रवाई बलों और खुफिया एजेंसियों के दृढ़ संकल्प, साहस और शौर्य का प्रमाण है। इससे पहले चार फरवरी को किश्तवाड़ के बर्फ से ढके छात्रू इलाके में एक आतंकवादी मारा गया था। पिछले वर्ष 11–12 अप्रैल के बीच एक अन्य अभियान में जिले के पहाड़ी वन क्षेत्र में तीन पाकिस्तानी आतंकवादी ढेर कर दिए गए थे। अधिकारियों के अनुसार 2025 के दौरान भी कई मुठभेड़ हुईं और इस दौरान कुछ आतंकवादी भाग गए थे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular