Saturday, March 14, 2026
HomeCrime NewsJind Bus Accident: उचाना के पास रोडवेज बस पलटी, ड्राइवर की लापरवाही...

Jind Bus Accident: उचाना के पास रोडवेज बस पलटी, ड्राइवर की लापरवाही से 13 लोग घायल

हरियाणा के जींद जिले में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। उचाना के पास तेज रफ्तार में जा रही हरियाणा रोडवेज की बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के समय बस टोहाना से जयपुर जा रही थी और उसमें करीब 50 यात्री सवार थे।

Jind Bus Accident: हरियाणा के जींद जिले में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। उचाना के पास तेज रफ्तार में जा रही हरियाणा रोडवेज की बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के समय बस टोहाना से जयपुर जा रही थी और उसमें करीब 50 यात्री सवार थे।

तेज रफ्तार में बस पलटने से मची अफरा-तफरी

जींद। जानकारी के अनुसार बस तेज गति में थी और अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस करीब 20 मीटर दूर जाकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 13 लोग घायल

इस हादसे में बस चालक समेत करीब 13 लोग घायल हो गए। घायलों में 5 से 6 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल चालक संदीप को बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को उचाना और जींद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ड्राइवर की लापरवाही बताई जा रही वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल में व्यस्त था। इसी कारण उसका ध्यान सड़क से हट गया और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

बस में सवार महिला यात्री प्रवीण ने बताया कि चालक फोन पर बात करते हुए बस चला रहा था, जिससे अचानक संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

लोडिंग गाड़ी के चालक की बची जान

सड़क किनारे खड़ी लोडिंग गाड़ी के चालक पंकज ने बताया कि वह अपनी गाड़ी खड़ी कर कुछ देर के लिए बाहर गया हुआ था। उसी दौरान तेज रफ्तार बस ने गाड़ी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि वह उस समय गाड़ी में मौजूद नहीं था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि पांच लोगों के फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular