झालावाड़। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। झालावाड़ ACB की टीम ने सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे निरीक्षक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दवाई सप्लाई के बकाया भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा
जानकारी के अनुसार, दवाई सप्लाई से जुड़े करीब 15.32 लाख रुपये के बकाया भुगतान का मामला था। आरोप है कि महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मस्तराम मीणा ने 9.19 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पर बकाया भुगतान की राशि का 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप है। शुरुआत में 25 हजार रुपये की रिश्वत देने पर सहमति बनी थी। इसके बाद ACB की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
DIG के सुपरविजन में हुई ACB की कार्रवाई
यह कार्रवाई ACB चौकी झालावाड़ की टीम ने की। DIG ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में ACB टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई के बाद आरोपी मस्तराम मीणा से पूछताछ की जा रही है।



