Jammu Kashmir: घाटी में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है. श्रीनगर शहर में इस मौसम के दौरान बीती रात पहली बार तापमान शून्य से नीचे रहा और कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया. मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि यह इस मौसम की पहली सबसे ठंडी रात रही जब तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया. श्रीनगर में रात को तापमान इस मौसम के औसत तापमान से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया.
पहलगाम में माइनस 3.2 डिग्री तापमान
अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसे छोड़कर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों में रविवार रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
रात के तापमान में और गिरावट का अनुमान
घाटी का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में तापमान शून्य से नीचे 0.9 डिग्री रहा जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में पारा शून्य से नीचे 1.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. मौसम विभाग ने 15 नवंबर तक पूरे कश्मीर में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया है और कहा है कि रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Bengaluru Airport पर नमाज पढ़ने को लेकर बवाल, सिद्धारमैया सरकार पर भड़की बीजेपी, पूछ डाले कई सवाल




