Udhampur Encounter: जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में एक गुफा में छिपे जैश-ए-मोहम्मद (JEM) के 2 आतंकवादियों पर सुरक्षा बल अंतिम प्रहार करने की तैयारी कर रहे हैं. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि रात के दौरान कोई गोलीबारी नहीं हुई. मंगलवार शाम करीब 4 बजे रामनगर के जाफर वन क्षेत्र में सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के संयुक्त दस्ते ने गुफा के अंदर आतंकवादियों का पता लगाया, जिसके बाद 1 घंटे से अधिक समय तक मुठभेड़ होती रही.
सेना ने आतंकियों की घेराबंदी की
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी घायल हुआ, लेकिन अपने साथी के साथ गुफा में चला गया. अधिकारियों के मुताबिक, शाम करीब 7.30 बजे आतंकवादियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद इलाके में फिर से गोलीबारी और जोरदार धमाके हुए. इसके बाद घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए पैराट्रूपर्स और श्वान दस्ते सहित सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया.
सरेंडर से इनकार अब होगा अंतिम प्रहार
अधिकारियों ने बताया कि रात में गोलीबारी नहीं हुई और सुरक्षा बलों ने ड्रोन के जरिये इलाके, खासकर गुफा के आसपास कड़ी निगरानी बनाए रखी. गुफा में छिपे आतंकवादियों द्वारा सरेंडर करने से इनकार किए जाने के बाद उनके खिलाफ अंतिम प्रहार की तैयारी की जा रही है.




