Jaipur Crime News: जयपुर में शनिवार को ज्वैलर के साथ लूट का मामला सामने आया है. बदमाशों ने ज्वैलर की कार रुकवाई और हमला कर दिया. कार में रखा ज्वैलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गए. बैग में करीब 27 लाख रुपए के गहने थे. घटना की सूचना पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का अब तक कोई सुराग नहीं लगा.
दुकान से घर लौटते समय वारदात
एसीपी (सांगानेर) हरिशंकर शर्मा ने बताया कि लूट की वारदात श्योपुर निवासी रामनिवास सोनी के साथ हुई। उनकी वाटिका स्थित “गणपति ज्वेलर्स” नाम से दुकान है. रात करीब 7:30 बजे वह दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे. प्रताप नगर में RUHS के पास अजय मार्ग पर पहुंचते ही कार सवार बदमाशों ने उनकी कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया. बदमाश कार से उतरे और ज्वैलर की कार पर हमला कर दिया. विरोध करने पर ज्वैलर के साथ मारपीट की और ज्वैलरी से भरा लेकर फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटैज के आधार पर तलाश शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रताप नगर थाना पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करवाई. जहां वारदात हुई पुलिस उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है. बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है. उससे माना जा रहा है कि उन्होंने पहले रैकी की थी. फिलहाल पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है.




