Wednesday, September 2, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में जन्माष्टमी पर ट्रैफिक का बड़ा प्लान: चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट...

जयपुर में जन्माष्टमी पर ट्रैफिक का बड़ा प्लान: चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद, 5 सितंबर को निकलेगी शोभायात्रा…जानें रूट और दर्शन व्यवस्था

जयपुर में 4 सितंबर को जन्माष्टमी और 5 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। जन्माष्टमी के दिन चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा और श्रद्धालुओं से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। गोविंददेवजी मंदिर में प्रवेश जलेब चौक से होगा, जबकि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को करीब 5-6 किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और मेडिकल सुविधाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

जयपुर। जयपुर में जन्माष्टमी पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की विशेष तैयारी शुरू कर दी है। 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर समेत शहर के प्रमुख मंदिरों में धार्मिक आयोजन होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद रखने का फैसला किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मंदिर पहुंचने के लिए ज्यादा से ज्यादा मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। इसके अगले दिन यानी 5 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर से शाम 4 बजे जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा के दौरान भी शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

4 सितंबर को चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद

जन्माष्टमी के दिन जयपुर की चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं को अपने वाहनों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में आने से बचने और जयपुर मेट्रो का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए अपनी यात्रा पहले से प्लान करें, ताकि भीड़ और ट्रैफिक की परेशानी से बचा जा सके।

गोविंददेवजी मंदिर में सिर्फ जलेब चौक से प्रवेश

4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए जलेब चौक की ओर बांदरवाल गेट से निर्धारित मार्ग तय किया गया है। किसी अन्य रास्ते से मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मंगला झांकी से ही दर्शन की व्यवस्था शुरू होगी। जलेब चौक से श्रद्धालुओं के लिए तीन अलग-अलग लाइनें बनाई जाएंगी। इनमें दर्शन पास वाले श्रद्धालु, बिना जूते-चप्पल आने वाले श्रद्धालु और जूते-चप्पल के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी।

दर्शन के लिए 5 से 6 किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है

श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन के बाद बाहर निकलने तक करीब 5 से 6 किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है। दर्शन के बाद बाहर निकलने के लिए जय निवास बाग के पूर्वी और पश्चिमी गेट निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के बाद वापस प्रवेश वाले रास्ते की ओर जाने का प्रयास न करें और निर्धारित निकास मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

5 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

गोविंददेवजी मंदिर से 5 सितंबर को शाम 4 बजे जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा का रूट कई प्रमुख बाजारों और रास्तों से होकर गुजरेगा।

शोभायात्रा का प्रमुख रूट:

  • जलेब चौक
  • सिरहड्योढ़ी बाजार
  • बड़ी चौपड़
  • जौहरी बाजार
  • सांगानेरी गेट
  • बापू बाजार
  • न्यूगेट
  • चौड़ा रास्ता
  • त्रिपोलिया बाजार
  • छोटी चौपड़
  • चांदपोल बाजार
  • बगरू वालों का रास्ता
  • मंदिर श्री गोपीनाथ

शोभायात्रा के दौरान पुलिस की ओर से यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

मंदिरों पर सुरक्षा से लेकर सफाई तक विशेष व्यवस्था

जिला प्रशासन ने प्रमुख मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर सुरक्षा, सफाई, रोशनी, पेयजल और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम को सफाई, कचरा प्रबंधन, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार शोभायात्रा मार्ग और मंदिरों के आसपास बैरिकेडिंग भी की जाएगी।

एंबुलेंस और मेडिकल टीमें रहेंगी तैनात

श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रमुख मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। बिजली विभाग को भी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ढीले तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर प्रबंधन को प्रवेश और निकास व्यवस्था, सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और पेयजल जैसी सुविधाओं की निगरानी करने को कहा गया है।

बैग-पर्स और कीमती सामान लेकर न आएं

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए श्रद्धालुओं से बैग, थैला, लेडीज पर्स, महंगे आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर नहीं आने की अपील की गई है। इसके अलावा लैपटॉप, कैमरा, प्रसाद, फल, मिठाई और नारियल भी मंदिर में नहीं ले जाने को कहा गया है। हेलमेट को भी वाहन पर ही रखने की सलाह दी गई है।

बुजुर्ग और गंभीर बीमारी वाले लोग रखें खास सावधानी

भीड़ और लंबी दूरी तक पैदल चलने को देखते हुए गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर या सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को भीड़ से बचने की सलाह दी गई है। ऐसे श्रद्धालु गोविंदम ऐप या मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए लाइव दर्शन कर सकते हैं।

पानी की बोतल रखें, अफवाहों से बचें

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से लंबी दूरी तक पैदल चलने और भीड़ को देखते हुए पानी की बोतल साथ रखने की अपील की है। भीड़ में धक्का-मुक्की से बचने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा गया है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तत्काल पुलिस या मंदिर प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

आधी रात को होगा विशेष जन्मोत्सव

गोविंददेवजी मंदिर में 4 सितंबर की रात 10 से 11 बजे तक जन्माष्टमी व्रत कथा होगी। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी होगी। इसके बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद का इस्तेमाल किया जाएगा।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

  • पुलिस थाना माणकचौक: 0141-2607071, 0141-2601366
  • एसीपी माणकचौक पीयूष कविया: 8764867016, 9001091167
  • थानाधिकारी माणकचौक राकेश ख्यालिया: 9001236520

प्रशासन का कहना है कि जन्माष्टमी और शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image