Jaipur Road Rage Viral Video: राजधानी जयपुर में सोशल मीडिया पर वायरल रोड रेज के एक वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस वीडियो में युवती की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. युवती ने भी अपनी गलती मानते हुए पुलिस को लिखित माफीनामा भी सौंपा है. इसके साथ ही एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है.
22 गोदाम पुलिया के पास हुई थी घटना
वायरल वीडियो में एक युवती सड़क पर खड़ी एक बाइक में हेलमेट और पत्थर से तोड़फोड़ करती नजर आ रही थी. राजर्षि राज (डीसीपी साउथ) ने बताया कि जांच में यह घटना 22 गोदाम पुलिया, राम मंदिर के सामने, थाना सोडाला क्षेत्र की पाई गई. वीडियो के आधार पर बाइक का नंबर ट्रेस कर मालिक और उसके भाई से संपर्क किया गया.
हादसे के बाद हुआ विवाद
जांच में सामने आया कि 23 मार्च को एक स्कूटी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक टकरा गई, जिससे आगे चल रही एक अन्य बाइक भी प्रभावित हुई. इस दौरान एक युवती को हल्की चोट आई और उसकी पेंट फट गई. इसके बाद युवती ने सड़क पर हंगामा करते हुए बाइक चालक से 1700 रुपये की मांग की और विवाद बढ़ गया. बाइक चालक के अनुसार, समझाने के बावजूद युवती गुस्से में आ गई और पहले हेलमेट से बाइक के साइड मिरर व इंडिकेटर तोड़े, फिर पत्थर उठाकर गाड़ी को नुकसान पहुंचाया.
पुलिस ने की पहचान, युवती ने मानी गलती
पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवती की पहचान की. पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और थानाधिकारी के सामने लिखित में माफी भी मांगी. साथ ही उसने गलती स्वीकारते और माफी मांगते हुए एक वीडियो भी जारी किया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, युवती के खिलाफ BNS की धारा 324(4) तथा बीएनएसएस 2023 की धारा 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है. मामला कार्यपालक मजिस्ट्रेट, जयपुर दक्षिण के समक्ष पेश किया जाएगा. हालांकि पीड़ित युवक ने भय के चलते औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: RCB कप्तान रजत पाटीदार ने की विराट कोहली की तारीफ, इन 3 खिलाड़ियों को दिया जीत का पूरा श्रेय



