Jaipur Electric Buses: जयपुर। गुलाबी नगरी में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। JCTSLके बेड़े में केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली 150 पीएम ई-बसों का ट्रायल गुरुवार से अग्रवाल फार्म, मानसरोवर से शुरू हुआ। यह ट्रायल 26, 27 और 28 फरवरी तक विभिन्न रूटों पर किया जाएगा, ताकि बसों की तकनीकी क्षमता और संचालन व्यवस्था का परीक्षण हो सके।
2 अलग-अलग साइज की बसों का ट्रायल
इस ट्रायल में दो अलग-अलग साइज की इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया है। इनमें एक बस 12 मीटर लंबी होगी, जबकि दूसरी बस 9 मीटर की होगी। ट्रायल के दौरान बसों में यात्रियों की जगह वजन रखकर उन्हें चलाया जाएगा, ताकि बसों की लोड क्षमता, बैटरी परफॉर्मेंस और चार्जिंग क्षमता का सटीक परीक्षण किया जा सके।
बैटरी बैकअप, चार्जिंग टाइम का होगा परीक्षण
जेसीटीएसएल के अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान बसों के संचालन, बैटरी बैकअप, चार्जिंग टाइम और शहर की सड़कों पर उनकी परफॉर्मेंस को परखा जाएगा। ट्रायल के परिणामों के आधार पर ही बसों का अंतिम मॉडल, डिजाइन और कलर तय किया जाएगा। बता दें कि ई-बसों के संचालन से शहर में प्रदूषण कम करने के साथ ही यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक और बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: PM Modi Instagram पर 10 करोड़ फॉलोअर्स वाले बने पहले वर्ल्ड लीडर, जानें रेस में डोनाल्ड ट्रंप किस नंबर पर




