Jaipur Crime News: जयपुर। रामनगरिया थाना पुलिस ने भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, दो पाड़ी और वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी जब्त कर ली है । फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
भैंस चोर गिरोह के 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि रामनगरिया थाना पुलिस ने भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के शातिर बदमाश शेर सिंह गुर्जर (30) निवासी करौली,सोन सिंह गुर्जर (28) निवासी करौली और रफिक खान (32) निवासी हिण्डौन करौली (पिकअप चालक) को गिरफ्तार किया है।
शेर सिंह गुर्जर पर पहले से कई मामले दर्ज
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी शेर सिंह गुर्जर शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में जयपुर और दौसा के विभिन्न थानों में चोरी व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं । यह गिरोह पहले रिहायशी इलाकों से दूर स्थित पशु बाड़ों की रेकी करता था और रात के अंधेरे में वाहन चालक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था ।
थानाधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को परिवादी लक्ष्मणराम ने मामला दर्ज कराया था कि अज्ञात चोर केंद्रीय विहार के पीछे बागड़ों की ढाणी स्थित बाड़े की दीवार फांदकर अंदर घुसे । चोर वहां से करीब 3 लाख रुपये कीमत की दो भैंस और दो पाड़ी पिकअप में भरकर ले गए ।
विशेष टीम का गठन किया था गठन
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल व एसीपी सांगानेर हरिशंकर शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया । टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों के भागने के मार्ग का पीछा किया । जहां राजाधोक (बस्सी) टोल प्लाजा के CCTV कैमरों की जांच में एक संदिग्ध पिकअप तेज गति से जयपुर से दौसा की ओर जाती दिखाई दी, जिसमें भैंसें लदी हुई थीं । तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस टीम करौली जिले के श्री महावीर जी थाना क्षेत्र के ग्राम बाढ महासिंहपुरा पहुंची। जहां से चोरी का माल और आरोपियों को पकड़ा। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल मुनेश और शिवपाल की अहम भूमिका रही ।
ये भी पढ़ें: Surya Grahan 2026 Check Full Details: साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, राशियों के अनुसार कर सकते हैं मंत्र जाप




