Jaipur Airport से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. एयरपोर्ट पर आज यानि 17 मार्च से 4 घंटे का नोटम लागू हो गया है. इसका असर फ्लाइट्स के संचालन पर पड़ेगा. इस दौरान कुछ फ्लाइट्स को कैंसिल किया गया है, जबकि कुछ फ्लाइट्स को री शेड्यूल किया गया है. एयरपोर्ट के मुताबिक, यह व्यवस्था 17 मार्च से 23 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 5 घंटे तक प्रभावी रहेगी. इस दौरान एयरपोर्ट के रखरखाव और संचालन से जुड़े कार्य किए जाएंगे.
चंडीगढ़ फ्लाइट की फ्रिक्वेंसी भी घटी
जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट 6E-7516 की फ्रिक्वेंसी को कम किया गया है. सामान्य तौर पर यह उड़ान सप्ताह में 5 दिन संचालित होती है, लेकिन NOTAM अवधि के दौरान इसे सिर्फ एक दिन ही चलाया जाएगा।
22 मार्च को समय में बदलाव
एयरलाइन ने 22 मार्च को इस फ्लाइट के समय में भी बदलाव किया है. उस दिन यह उड़ान अपने तय समय दोपहर 1:45 बजे की बजाय दोपहर 12:50 बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी. एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि कर लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।
2 नियमित फ्लाइट्स को किया रद्द
जयपुर एयरपोर्ट पर जारी NOTAM (Notice to Airmen) के कारण कई उड़ानों के संचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत अहमदाबाद और दिल्ली के लिए जाने वाली 2 नियमित फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-7031, जो दोपहर 1:25 बजे उड़ान भरती थी, उसे 17 मार्च से 23 मार्च तक के लिए कैंसिल कर दिया गया है। यह फ्लाइट अब 24 मार्च से अपने निर्धारित समय पर फिर से शुरू होगी।
इसी तरह जयपुर से दिल्ली के लिए दोपहर 1:55 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट 6E-5096 भी इसी अवधि में रद्द रहेगी। एयरलाइन ने यात्रियों को इस संबंध में सूचना दे दी है और 24 मार्च से सेवा बहाल करने की जानकारी दी है।




