Iran Bridge Attack : नई दिल्ली। ईरान पर हमले को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जैसे-जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दी हुई डेडलाइन नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इजरायल और अमेरिका की ओर से हमले तेज होने की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक ईरान में कई अहम पुलों और रेल नेटवर्क को निशाना बनाया गया है। हालात को देखते हुए ईरान सरकार ने कई रूटों पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उत्तर-पश्चिम ईरान में तबरेज-जांजन हाईवे पर बने एक महत्वपूर्ण पुल को हमले में उड़ा दिया गया। यह मार्ग रणनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जाता है। वहीं ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज़ एजेंसी (IRNA) ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि काशान में रेलवे पुल पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई।
इस्फ़हान प्रांत के सुरक्षा उप-गवर्नर ने बताया कि अमेरिका और इजरायल ने काशान काउंटी में स्थित इस्फ़हान प्रांत के याह्याबाद रेलवे पुल को निशाना बनाया। इस हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
इधर मशहद के गवर्नर ने कहा कि देश की रेल व्यवस्था को निशाना बनाने की इजरायल की चेतावनी के बाद एहतियात के तौर पर मशहद रेलवे स्टेशन से ट्रेनों की आवाजाही फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दी गई है। लगातार हो रहे हमलों और बढ़ते तनाव के कारण पूरे क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।
ईरान के अल्बोर्ज प्रांत में हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत
ईरान की राजधानी तेहरान के उत्तर पश्चिमी अल्बोर्ज प्रांत में हुए एक हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी है। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। न्यायपालिका की मीजान समाचार एजेंसी के अनुसार, इस हमले में 24 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि, तुरंत यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमले में किसे निशाना बनाया गया था। पिछले कुछ समय से ईरान की राजधानी तेहरान पर लगातार तीव्र हवाई हमले हो रहे हैं, जिनमें पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित संभावित हथियार भंडार और रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया है। इजराइल ने धर्मतंत्र और उसकी सेना में शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए हैं।



