Iran-israel conflict : यरूशलम। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइल ईरानियों को ‘‘तानाशाही शासन से मुक्ति’’ दिलाने में मदद कर सकता है, लेकिन देश में कोई भी राजनीतिक परिवर्तन अंततः वहां की जनता पर निर्भर करेगा। सोमवार को क्षेत्रीय संघर्ष के 11वें दिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य कमान केंद्र पहुंचे नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल का अभियान ईरानी नेतृत्व को कमजोर कर रहा है।
हमारी आकांक्षा ईरानी जनता को तानाशाही शासन से मुक्ति दिलाना है : नेतन्याहू
नेतन्याहू ने कहा, हमारी आकांक्षा ईरानी जनता को तानाशाही शासन से मुक्ति दिलाना है; अंततः यह उसी पर निर्भर है। लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि अब तक की गई कार्रवाइयों के माध्यम से हम उनकी हड्डियां तोड़ रहे हैं और हम अब भी अभियान जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इजराइल ईरानी लोगों के साथ मिलकर सफल होता है, तो वह स्थायी बदलाव ला सकता है।

नेतन्याहू ने कहा, ‘‘अगर हम ईरानी जनता के साथ मिलकर सफल होते हैं, तो हम राष्ट्रों के जीवन में इस तरह की चीजों के अस्तित्व को स्थायी रूप से समाप्त कर देंगे। हम बदलाव लाएंगे, और हम पहले से ही इजराइल की अंतरराष्ट्रीय स्थिति में एक बड़ा बदलाव ला रहे हैं।’’ इस दौरान, स्वास्थ्य मंत्रालय के महानिदेशक मोशे बार सिमन टोव ने नेतन्याहू को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कमान केंद्र के कामकाज के बारे में जानकारी दी।




