हैफा। इज़राइल के उत्तरी शहर हैफा में आज ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत, जबकि दो अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस हमले में एक रिहायशी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।
मिसाइल या उसके टुकड़े सीधे एक आवासीय भवन पर गिरे, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हमले में दस से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है, जो हमले के दौरान बम शेल्टर की ओर जा रही थी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हमले के दौरान एक क्लस्टर बमलेट गिरने से एक वाहन में आग लग गई, जबकि एक अन्य वाहन पलट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। घटना के तुरंत बाद फायर एंड रेस्क्यू अथॉरिटी और आपातकालीन चिकित्सा सेवा मगन डेविड एडोम की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुट गईं।



