US Iran Ceasefire Deal: अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग आखिर रुक गई है. दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति जताई है. ये सीजफायर 2 हफ्ते के लागू रहेगा और आगे की बातचीत पाकिस्तान के इस्लामाबाद में होगी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस बात का ऐलान किया. उन्होंने ट्रूथ सोशल प्लेटफॉर्म पर कहा कि उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से दिए गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है. इस प्रस्ताव में कहा गया है कि जंग 2 हफ्ते तक रोक दी जाए और होर्मुज को तुरंत खोल दिया जाए.
ट्रंप ने सोशल प्लेटफॉर्म पर सीजफायर का किया ऐलान
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर युद्ध-विराम का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने पाकिस्तान की ओर से आए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, जिसमें दो हफ्तों तक लड़ाई रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलने की बात कही गई है. ट्रंप के अनुसार, इन दो हफ्तों के दौरान ईरान के साथ अंतिम समझौते को लेकर बातचीत की जाएगी.
ट्रंप ने सीजफायर की वजह भी बताई
ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका अपने अधिकांश सैन्य लक्ष्यों को हासिल कर चुका है और अब वह दीर्घकालिक शांति समझौते के काफी करीब है, जो पूरे मध्य पूर्व में स्थिरता ला सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि वॉशिंगटन को तेहरान से 10 बिंदुओं का प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत शुरू करने के लिए एक मजबूत आधार माना जा रहा है.
ईरान ने अमेरिका के सामने रखी ये 10 शर्तें
- इराक, लेबनान और यमन के खिलाफ चल रहे संघर्ष को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
- ईरान के खिलाफ युद्ध का पूर्ण और स्थायी अंत, बिना किसी समय सीमा के सुनिश्चित किया जाए।
- पूरे क्षेत्र में सभी प्रकार के संघर्षों को समाप्त किया जाए।
- होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत दोबारा खोला जाए।
- इस जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित और स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल तय किए जाएं।
- ईरान को हुए नुकसान और पुनर्निर्माण की लागत का पूरा मुआवजा दिया जाए।
- ईरान पर लगे सभी प्रतिबंध पूरी तरह हटाने की प्रतिबद्धता दी जाए।
- अमेरिका द्वारा रोकी गई ईरानी संपत्तियों और फंड को जारी किया जाए।
- ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा।
- इन सभी शर्तों के स्वीकार होते ही सभी मोर्चों पर तत्काल युद्धविराम लागू किया जाएगा।



