Monday, February 23, 2026
HomePush Notificationआधुनिक तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा के संगम से बनेगी नई शिक्षा...

आधुनिक तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा के संगम से बनेगी नई शिक्षा व्यवस्था, युवाओं को मिलेगा रोजगार : सीएम भजनलाल शर्मा

भजनलाल शर्मा ने कहा कि आधुनिक शिक्षा में नवाचार, तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा का समावेश जरूरी है, ताकि युवाओं का रोजगार और चरित्र निर्माण साथ-साथ हो। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समागम में उन्होंने उच्च शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और शिक्षकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Rajasthan Higher Education Reforms : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली में नवाचार, तकनीक एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा दिया जाए, जिससे युवाओं का रोजगार प्राप्ति के साथ ही चरित्र निर्माण भी हो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा और अधिक रोजगारपरक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे युवाओं की ऊर्जा एवं क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने के लिए अपनी महती भूमिका निभाएं।

शर्मा सोमवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में अखिल भारतीय संस्थागत नेतृत्व समागम-2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी शिक्षा चाहिए जो परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम हो। जहां वेदों के ज्ञान के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता की समझ हो, संस्कृत के श्लोकों के साथ कोडिंग की भाषा हो तथा योग और ध्यान के साथ रोबोटिक्स और नैनो टेक्नोलॉजी हो। उन्होंने कहा कि इस समागम की थीम ‘अंतर-संस्थागत विकास पर संवाद’ अत्यंत प्रासंगिक है। आईआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, शोध संस्थान और निजी शिक्षण संस्थाओं के मिलकर काम करने से धरातल पर वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य प्राप्ति में युवाओं की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है। 65 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है। यह जनसांख्यिकीय हमारी सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को सही शिक्षा, कौशल और मार्गदर्शन देकर इस ताकत का उपयोग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य विकसित प्राप्ति के लिए करें। उन्होंने कहा कि आज हमारे युवा स्टार्टअप्स, अनुसंधान, खेल, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का गौरव विश्व में बढ़ा रहे हैं। हमें उनकी रचनात्मकता को पंख देते हुए उनके सपनों को साकार करने के लिए मार्ग दिखाना है, जिससे वे वैश्विक नागरिक रहते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहे।

हमारी सरकार उच्च शिक्षा में डिजिटल बुनियादी ढांचे को निरंतर कर रही मजबूत
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार उच्च शिक्षा में डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारी सरकार युवाओं को शिक्षा के साथ साथ रोजगार के भरपूर अवसर प्रदान कर रही है। अब तक 1 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1 लाख 54 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इस वर्ष के लिए 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती का कैलेंडर जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 2 लाख से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार, साढ़े 3 लाख छात्रों को कौशल प्रशिक्षण तथा 2 लाख से अधिक युवाओं को इंटर्नशिप दी गई है।

351 परीक्षाएं हुई आयोजित, एक भी पेपर नहीं हुआ लीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया था और पेपरलीक के अनेक प्रकरण हुए थे। हमारी सरकार के कार्यकाल में 351 परीक्षाएं आयोजित की गई है तथा एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में 65 आई स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट, 17 नवीन खेलों इंडिया केंद्र, 71 नवीन राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना, 185 नए राजकीय महाविद्यालयों के भवनों का लोकार्पण तथा छात्राओं को करीब 40 हजार स्कूटियों का वितरण सहित अनेक कार्य किए हैं, जिससे युवाओं का सशक्तीकरण हो रहा है।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि इस समागम का उद्देश्य है कि संस्थागत सहयोग, नेतृत्व विकास एवं नीति निर्माण के माध्यम से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को गति मिले। उन्होंने कहा कि हमारे देश का अतीत गौरवशाली था। तक्षशिला, नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों में दुनियाभर से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते थे। गुरूकुल में विद्यार्थियों के व्यावहारिक तथा सम्पूर्ण विकास पर ध्यान दिया जाता था। वर्तमान के वैश्विकरण के दौर में भारतीय ज्ञान परंपरा उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी पहले थी। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में उच्च शिक्षा में कौशल विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान पर जोर दे रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार का मार्ग प्रशस्त हो सके।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि इस समागम में संस्थागत विकास, फ्युचर रैडी फैकल्टी, भारत आधारित शोध को बढ़ावा, भारतीय भाषाओं का प्रचार-प्रसार, तकनीक आधारित उच्च शिक्षा का भविष्य सहित विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान प्रो. नरेन्द्र कुमार तनेजा, चेयरमैन भारतीय भाषा समिति शिक्षा मंत्रालय, चामु कृष्ण शास्त्री, राष्ट्रीय समन्वयक भारतीय ज्ञान प्रणाली शिक्षा मंत्रालय प्रो. गंती एस. मूर्ति, चेयरमैन राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद प्रो. पंकज अरोड़ा, कुलगुरु राजस्थान विश्वविद्यालय प्रो. अल्पना कटेजा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निंबाराम सहित विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न प्रबुद्धजन एवं देशभर से आए शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular