IndiGo Flight Emergency Landing : नई दिल्ली। दिल्ली केइंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब इंडिगो की विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। विमान के इंजन में संभावित खराबी की आशंका के चलते रनवे-28 पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई।
एयरपोर्ट प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। रनवे पर दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात कर दी गईं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट स्टाफ की मुस्तैदी के चलते विमान ने सुबह 10:54 बजे सुरक्षित लैंडिंग कर ली। फ्लाइट में सवार 161 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद ही इमरजेंसी कॉल दी गई थी। फिलहाल इंडिगो की तकनीकी टीम विमान की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि खराबी कितनी गंभीर थी और उसका कारण क्या था।
विमान सुरक्षा को लेकर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में संसद की एक स्थायी समिति ने भारत के विमानन क्षेत्र को लेकर चिंता जताई थी। रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच ऑडिट किए गए 754 कमर्शियल विमानों में से 377 (करीब 50%) में तकनीकी खामियां पाई गईं। समिति ने अपनी रिपोर्ट में चेतावनी दी थी कि देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र को ‘फंडामेंटल रीसेट’ की जरूरत है।



