India Canada Agreement 2026 : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि भारत सभी विवादों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री ने कनाडा के साथ कुछ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर के बाद अपने वक्तव्य में यह बात कही। उन्होंने कहा, पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत सभी विवादों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है।
आतंकवाद और उग्रवाद से मिलकर लड़ेंगे भारत और कनाडा
मोदी ने कहा कि भारत इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर काम करता रहेगा। मोदी ने कहा, भारत और कनाडा लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास रखते हैं। विविधता का सम्मान और मानवता का कल्याण हमारी साझा दृष्टि है। आज हमने इस दृष्टि को साझेदारी की नयी ऊंचाई देने पर चर्चा की। दोनों देशों ने रक्षा उद्योग सहयोग और समुद्री क्षेत्र में निगरानी क्षमता बढ़ाने पर भी सहमति जताई। आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ से मुकाबले में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
मोदी ने कहा कि ये चुनौतियां दोनों देशों और पूरी मानवता के लिए गंभीर हैं तथा वैश्विक शांति एवं स्थिरता के लिए इनसे मिलकर निपटना जरूरी है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस मौके पर कहा कि कनाडा और भारत ‘मूल्यवान साझेदारी’ को नयी महत्वाकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ाने के लिए अपने भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं।




