Monday, February 2, 2026
HomeNational NewsBudget 2026 : सीएम योगी बोले, भारत विश्व में तीसरी सबसे बड़ी...

Budget 2026 : सीएम योगी बोले, भारत विश्व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर, मजबूत आर्थिक सुधार और विकास से देश कर रहा है नई ऊँचाई हासिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने बजट 2026-27 को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह कर्तव्यबोध, समावेशी विकास और युवा, महिलाओं व गरीबों के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। साथ ही 25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने को बड़ी उपलब्धि बताया।

Budget 2026 : लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर से तेजी से आगे बढ़ा है। केंद्रीय बजट की विशेषताओं को लेकर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने ‘‘दूरदर्शी’’ बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।

भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है : सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से तैयार होकर सामने आया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह बजट हर भारतीय को अपने कर्तव्यों का बोध कराता है और इसमें भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी रेखा से बाहर निकलकर भारत की प्रगति में अपना योगदान दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी का परिणाम है कि भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया था और उनका निरंतर आग्रह रहा है कि हमें ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों पर भी राष्ट्रव्यापी चर्चा का आह्वान किया था। आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हम मौलिक अधिकारों की तो बात करते हैं, लेकिन अपने कर्तव्यों पर चर्चा नहीं करते। राष्ट्र और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों को समझना और निभाना आवश्यक है।’’ उन्होंने कहा कि युवा शक्ति, महिलाएं, गरीब और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर तथा पूरे देश में समान और समावेशी विकास के उद्देश्य से वित्त मंत्री ने वर्ष 2026-27 का बजट संसद में प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए गए प्रयासों से यह सुनिश्चित हुआ है कि सरकारी नीतियां और योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका स्पष्ट प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि जब नीतियां स्पष्ट हों व संकल्प दृढ़ हो, तो परिणाम भी स्पष्ट होते हैं और वैश्विक आर्थिक मंच पर भारत की तेज प्रगति इसी स्पष्टता तथा दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular