IND vs PAK, T20 World Cup 2026: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को हरा दिया है. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 176 रन का लक्ष्य दिया. टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. इस तरह से भारत ने 61 रनों से शानदार जीत दर्ज की.
भारत ने सुपर-8 के लिए किया क्वालीफाई
टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही सुपर-8 राउंड के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है. भारत अब तक खेले गए तीन मैचों में जीत के साथ ग्रुप ए की प्वॉइंट टेबल नंबर 1 पर बना हुआ है. वहीं टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 9 मैचों में आठवीं जीत है जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है.
टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए बनाए थे 175 रन
पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए. जबकि भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या 2-2 विकेट चटकाने में कामयाब रहे. भारत ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 175 रन बनाए. ईशान किशन ने 77 रन की शानदार पारी खेली, सूर्यकुमार ने भी 32 रन का योगदान दिया.
दोनों कप्तान ने नहीं मिलाया हाथ
पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर 3 विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला। टॉस के समय दोनों टीमों के कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों ने पिछले साल एशिया कप में भी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज किया था। यह कदम पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में उठाया गया था।




