IND vs PAK Match Controversy: पाकिस्तान सरकार ने रविवार यानि 1 फरवरी की रात को फैसला किया कि उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तो शामिल होगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी से होने वाला मैच नहीं खेलेगी. ऐसे में पाकिस्तान के इस फैसले के बाद ICC उसके खिलाफ कुछ सख्त कदम उठा सकता है. इसमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आगामी सत्र से टीम पर प्रतिबंध लगाया जाना भी शामिल है.
PSL में विदेशी खिलाड़ियों के खेलने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता
अन्य सजा में शीर्ष सदस्य देशों का पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार करना, भारी वित्तीय जुर्माना और साथ ही पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 विश्व कप से बांग्लादेश के बाहर होने के फैसले का साथ देते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ अपना ग्रुप लीग मैच नहीं खेलने का फैसला किया है जबकि ICC और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के साथ उसका न्यूट्रल वेन्यू पर मैच खेलने का अनुबंध है जो बाध्यकारी है.
PCB के खिलाफ हो सकता सख्त सजा का ऐलान
ICC बोर्ड के एक सूत्र ने बताया, ‘पाकिस्तान की ओर से ऑफिशियली घोषणा हो चुकी है इसलिए ICC के कुछ सख्त कार्रवाई करने की उम्मीद है। आईसीसी बोर्ड कल (सोमवार) वर्चुअल बैठक करेगा और तय करेगा कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत दी जानी चाहिए या नहीं. अगर उन्हें इजाजत दी जाती है तो PCB को कुछ सख्त सजा हो सकती है.’ ऐसे में ये बड़ा सवाल है कि पीसीबी के खिलाफ क्या संभावित सजा हो सकती है?
सूत्र ने कहा, ‘वे एक बाध्यकारी अनुबंध का उल्लंघन कर रहे हैं इसलिए ICC के सदस्य बोर्ड द्विपक्षीय सीरीज के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर सकते हैं. अगर वे द्विपक्षीय श्रृंखला खेलते हैं तो इस बात की पूरी संभावना है कि नतीजों का सभी प्रारूप में ICC रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा. पाकिस्तान को कोई डब्ल्यूटीसी अंक नहीं मिलने की भी संभावना है.’
हालांकि पाकिस्तान को सबसे अधिक नुकसान उसके लिए राजस्व पैदा करने वाली पाकिस्तान सुपर लीग पर रोक से हो सकता है. सूत्र ने आगे कहा, ‘संन्यास ले चुके खिलाड़ियों या फ्री एजेंट्स को छोड़कर मौजूदा विदेशी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को PSL में हिस्सा लेने से रोका जा सकता है. इसके अलावा आईसीसी के मेजबान प्रसारणकर्ता जियो-स्टार को होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई भी PCB को करनी होगी जो लाखों डॉलर तक हो सकती है। उनका सालाना राजस्व भी रोका जा सकता है.’
अगर आईसीसी पाकिस्तान को टूर्नामेंट से प्रतिबंधित करता है तो युगांडा उनकी जगह लेगी लेकिन यह बोर्ड बैठक के बाद ही तय होगा. आम तौर पर भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के लिए विज्ञापन की दर 25 लाख से 40 लाख रुपये प्रति 10 सेकेंड के बीच होती है. सिर्फ विज्ञापन राजस्व नुकसान 200 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है.
पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का संभावित असर:
- टूर्नामेंट से पूरी तरह प्रतिबंध।
- ICC से मिलने वाले सालाना राजस्व को रोका जा सकता है।
- PCB से जियो-स्टार को राजस्व नुकसान की भरपाई करने को कहा जा सकता है।
- द्विपक्षीय श्रृंखला पर रोक, डब्ल्यूटीसी अंक और ICC रैंकिंग पर असर पड़ सकता है।
- सभी विदेशी खिलाड़ियों (फ्री एजेंट्स को छोड़कर) को PSL में खेलने से प्रतिबंध किया जा सकता है।




