IND vs ENG: संजू सैमसन के तूफानी अर्धशतक से भारत ने ICC T20 World Cup के सेमीफाइनल में गुरुवार को इंग्लैंड को हरा दिया. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए, इसके जवाब में इंग्लैंड ने जैकब बेथल की शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट खोकर 246 रन बनाए. इस तरह इंग्लैंड को 7 रन से हार का सामना करना पड़ा.


लगातार दूसरी बार फाइनल खेलेगी टीम इंडिया
जीत के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार टी 20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है. इसी के साथ अब टीम इंडिया लगातार 2 बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाली तीसरी टीम बन गई है. भारत अब फाइनल में रविवार को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा और टी20 विश्व का खिताब बचाने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रचने की कोशिश करेगा.

निर्णायक साबित हुई बुमराह की शानदार गेंदबाजी
भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए. बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर एक विकेट हासिल किया जो निर्णायक साबित हुआ. वरुण चक्रवर्ती ने 64 रन लुटाकर एक विकेट चटकाया जो इस प्रारूप में भारत की ओर से सबसे महंगा स्पैल है.

तूफान अर्धशतक लगाकर संजू ने रचा इतिहास
संजू ने सेमीफाइनल में तूफानी अर्धशतक लगाकर इतिहास रच दिया. संजू ने 211.90 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 42 गेंदों पर 89 रन की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौकों के साथ ही 7 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह ICC टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत की ओर से संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने विराट कोहली के 10 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 2016 में विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 47 गेंदों पर नाबाद 89 रन की पारी खेली थी. अब संजू भी विराट के क्लब में शामिल हो गए हैं।





