Gold-Silver Price Crash : ईरान-इजरायल की जंग के कारण सोने-चांदी की कीमतों के क्रैश होने का सिलसिला जारी है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को कीमती धातुओं के बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों में अचानक तेज गिरावट आई और इसका भाव करीब 15,000 रुपये तक टूट गया। गिरावट के बाद 1 किलो चांदी की कीमत घटकर 2,11,729 रुपये पर आ गई।
अगर इसके हालिया उच्च स्तर से तुलना करें तो चांदी का भाव अब अपने हाई से 2 लाख रुपये से भी ज्यादा नीचे आ चुका है। इस बड़ी गिरावट ने निवेशकों और कारोबारियों को हैरान कर दिया है। दूसरी ओर, सोने की कीमतों में भी सोमवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर सोने का वायदा भाव बाजार खुलते ही अपने पिछले बंद स्तर की तुलना में 8,000 रुपये से ज्यादा नीचे आ गया। शुरुआती वायदा कारोबार में सोना और चांदी दोनों कीमती धातुएं 5 प्रतिशत से ज्यादा फिसल गईं। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी के मई में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 9.34 प्रतिशत टूटकर 63.15 डॉलर प्रति औंस रह गयी।

2 लाख रुपए सस्ती हुई चांदी
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। कारोबार की शुरुआत होते ही 5 मई एक्सपायरी वाली चांदी का भाव पिछले शुक्रवार के बंद 2,26,772 रुपये प्रति किलो से गिरकर 2,11,729 रुपये प्रति किलो पर आ गया। इस तरह एक ही दिन में चांदी करीब 15,043 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।
अगर चांदी के उच्चतम स्तर की बात करें तो 29 जनवरी को MCX पर इसका भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था। इसके मुकाबले अब चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आ चुकी है और भाव करीब 2,08,319 रुपये प्रति किलो तक कम हो गया है। यानी अपने हाई लेवल से चांदी की कीमत में 2 लाख रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
वैश्विक घटनाक्रम का असर भी कीमती धातुओं के बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध तनाव के बाद सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेजी से उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। अगर हालिया गिरावट पर नजर डालें तो अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू किया था। इससे एक दिन पहले यानी 27 फरवरी को MCX पर चांदी का भाव 2,82,644 रुपये प्रति किलो था। इसके मुकाबले अब तक चांदी की कीमत करीब 70,915 रुपये प्रति किलो तक गिर चुकी है।

युद्ध के बीच सोने में बड़ी गिरावट, 56,000 रुपये से ज्यादा टूटा भाव
ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से सोने की कीमतों में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव बीते कुछ हफ्तों में तेजी से नीचे आया है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। अगर युद्ध से पहले के स्तर की बात करें तो 27 फरवरी को MCX पर सोने का वायदा भाव 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम था। मौजूदा कीमत से तुलना करें तो इस अवधि में सोने का भाव करीब 25,701 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर चुका है।
वहीं अगर सोने के अब तक के उच्चतम स्तर पर नजर डालें तो 29 जनवरी को MCX पर इस कीमती पीली धातु ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड हाई बनाया था। लेकिन इसके बाद से बाजार में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है और इस हाई लेवल से अब तक सोना करीब 56,693 रुपये तक टूट चुका है।



