Wednesday, March 18, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessGold-Silver Price Today : दिल्ली में सोना-चांदी धड़ाम, चांदी 6000 रुपये टूटी,...

Gold-Silver Price Today : दिल्ली में सोना-चांदी धड़ाम, चांदी 6000 रुपये टूटी, सोना भी लुढ़का, निवेशकों में हड़कंप

दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी 6,000 रुपये टूटकर 2.56 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1,000 रुपये गिरकर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मुनाफावसूली और कमजोर मांग के कारण कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई।

Gold-Silver Price Today : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी की कीमतें 6,000 रुपये टूटकर 2.56 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि घरेलू बाजार में मंदी के रुख के कारण सोना 1,000 रुपये के नुकसान के साथ 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।

जानिए आज के ताजा सौने-चांदी के भाव

चांदी की कीमत 6,000 रुपये, या 2.28 प्रतिशत टूटकर 2,56,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जो मंगलवार के बंद भाव 2,62,500 रुपये प्रति किलोग्राम से कम है। सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपये, या 0.62 प्रतिशत टूटकर 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। सोने का पिछला बंद भाव 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जिसमें 1,050 रुपये की बढ़त दर्ज की गई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने बताया कि सोने की कीमतों में गिरावट इसलिए आई, क्योंकि व्यापारियों द्वारा की गई मुनाफावसूली के साथ-साथ भौतिक मांग में भी सुस्ती देखने को मिली।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.92 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जबकि सोना 16.10 डॉलर, या 0.32 प्रतिशत टूटकर 4,989.65 डॉलर प्रति औंस रह गया। लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने बताया कि बुधवार को कीमती धातुओं की कीमतों में मिला-जुला रुख देखने को मिला, जहां सोना लगभग 4,990 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी में बढ़त दर्ज की गई और यह 79.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। उन्होंने आगे कहा कि सर्राफा बाजार में हालिया उतार-चढ़ाव का मुख्य कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित रहना है।

गर्ग ने कहा कि इससे, खासकर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेल की ऊंची कीमतों से जुड़ी बढ़ती मुद्रास्फीति की चिंताओं के बीच बाजार में एक सतर्क माहौल बन गया है। निवेशक अमेरिकी फेडरल रिज़र्व की नीतिगत बैठक के नतीजों पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं, ताकि उन्हें ब्याज दरों की दिशा के बारे में संकेत मिल सकें। माना जा रहा है कि इससे नीतिगत परिदृश्य और सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ेगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular