Saturday, July 6, 2024
Homeताजा खबरG 20 Summit : अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन भारत के लिए रवाना

G 20 Summit : अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन भारत के लिए रवाना

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन गुरुवार को भारत के लिए रवाना हुए जहां वह नई दिल्ली में होने जा रहे ऐतिहासिक G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। व्हाइट हाउस ने बताया कि बाइडन G20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत की अपनी यात्रा के दौरान रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के कोविड-19 दिशा निर्देशों का पालन करेंगे।

प्रथम महिला जिल बाइडन (72) सोमवार को कोविड-19 से संक्रमित पायी गयीं। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को राष्ट्रपति बाइडन (80) की कोरोना वायरस के लिए जांच की गयी लेकिन वह संक्रमित नहीं पाए गए। भारत रवाना होने से एक घंटे से भी कम समय पहले व्हाइट हाउस ने कहा राष्ट्रपति कोविड-19 से संक्रमित नहीं पाए गए हैं। प्रथम महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद अपने डेलवेयर हाउस में पृथक वास कर रही हैं और राष्ट्रपति के साथ भारत और वियतनाम की यात्रा पर नहीं जा रहीं। उनके कार्यालय ने गुरुवार को कहा प्रथम महिला में आज कोविड का संक्रमण नहीं पाया गया।

राष्ट्रपति के एयर फोर्स वन विमान में उनके साथ अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवान, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ जेन ओ’मैली डिल्लोन, ओवल ऑफिस ऑपरेशंस की निदेशक एनी टॉमासिनी, प्रेस सचिव कैरीन ज्यां-पियरे और सामरिक संचार के लिए एनएससी समन्वयन जॉन किर्बी भी यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा उनके साथ एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी जा रहा है। व्हाइट हाउस के अनुसार, बाइडन शुक्रवार शाम को नई दिल्ली पहुंचेंगे और इससे पहले उनका विमान ईंधन भरवाने के लिए जर्मनी के रैमस्टीन में रुकेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति G20 शिखर सम्मेलन की सफलता को लेकर उत्सुक हैं। इस दौरान वह जलवायु परिवर्तन और विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों में सुधार पर चर्चा कर सकते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में भारत की पहली यात्रा पर बाइडन G20  सदस्य के रूप में अफ्रीकी संघ का स्वागत करेंगे। यह भारत की पहल है जिसका दुनियाभर के नेताओं ने समर्थन किया है। उनकी शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री मोदी से द्विपक्षीय बैठक की संभावना है। बैठक में दोनों नेता प्रधानमंत्री मोदी की जून में वाशिंगटन की आधिकारिक यात्रा के दौरान लिए गए फैसलों पर प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं। बैठक के दौरान जिन प्रमुख मुद्दों पर बातचीत हो सकती है उसमें यूक्रेन, अहम एवं उभरती प्रौद्योगिकियां और कुछ रक्षा सौदे शामिल हैं।

अगले दिन राष्ट्रपति बाइडन प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक आधिकारिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह G20  नेताओं के साथ कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। व्हाइट हाउस ने बताया कि वियतनाम में हनोई के लिए रवाना होने से पहले बाइडन G20 नेताओं के साथ राजघाट स्मारक भी जाएंगे। राष्ट्रपति बाइडन के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा उन G20 नेताओं में से हैं जो शिखर सम्मेलन में अपनी भागीदारी की पहले ही पुष्टि कर चुके हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी 10 सितंबर को ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को G20 अध्यक्ष पद की कमान सौंपेंगे। ब्राजील एक दिसंबर को औपचारिक रूप से G20  की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। G20  समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं।

Mamta Berwa
Mamta Berwa
JOURNALIST
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments