Wednesday, February 4, 2026
HomePush NotificationUnion Budget 2026 : राहुल गांधी की आलोचना पर वित्त मंत्री निर्मला...

Union Budget 2026 : राहुल गांधी की आलोचना पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का पलटवार, बजट की खामियां साबित करने की दी चुनौती

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी की बजट आलोचना को तथ्यों से परे बताते हुए खारिज किया और चुनौती दी कि वे दस्तावेजों के आधार पर खामियां साबित करें। उन्होंने कहा कि बजट में कृषि, ग्रामीण रोजगार, युवाओं के कौशल विकास, उद्यमिता और एआई पर विशेष फोकस है। टैरिफ मुद्दे पर उन्होंने टिप्पणी से इनकार किया।

Union Budget 2026 : नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय बजट को लेकर की गई आलोचनाओं को ‘‘जानकारी का अभाव’’ बताते हुए खारिज कर दिया और उन्हें चुनौती दी कि वह उनके सामने खड़े होकर बजट में खामियों के अपने दावों को दस्तावेजों के आधार पर साबित करें। राहुल गांधी के इस आरोप का जवाब देते हुए कि बजट में बेरोजगारी, ग्रामीण संकट और विनिर्माण क्षेत्र में मंदी को नजरअंदाज किया गया है।

राहुल गांधी की आलोचना को वित्त मंत्री ने किया खारिज

सीतारमण ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि इन आरोपों का ‘‘बिल्कुल कोई आधार नहीं’’ है और उन्होंने कांग्रेस नेता पर बिना किसी ठोस आधार के व्यापक दावे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि वह बजट में ऐसा कोई पैरा दिखाएं जो इन आरोपों का समर्थन करता हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के कौशल विकास, उद्यमिता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित किया है।

बजट में युवाओं और रोजगार पर मजबूत फोकस : वित्त मंत्री

सीतारमण ने बजट का विवरण भी दिया, जिसमें कृषि और ग्रामीण रोजगार के लिए पारंपरिक समर्थन के साथ-साथ उभरती श्रम बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए कौशल विकास और युवा-केंद्रित प्रशिक्षण ढांचे को नये सिरे से बढ़ावा देने का प्रावधान है। गांधी द्वारा की गई आलोचना के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यदि वह इसका जवाब देंगी तो वह एक ऐसे आरोप को विश्वसनीयता प्रदान करेंगी जिसका कोई आधार ही नहीं है। उन्होंने कहा, मैं चाहूंगी कि वह बजट में मौजूद उन सभी कमियों को स्पष्ट रूप से बताएं, जिन्हें वह बजट के संबंध में पेश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस संबंध में उन्हें चुनौती देती हूं।

सीतारमण ने कहा कि एक अप्रैल से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए उनके बजट में युवाओं को प्रशिक्षण देने, उन्हें उद्यमी बनने के अवसर प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रावधान किये गये हैं कि इन सभी चीजों में एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) को नजरअंदाज न किया जाये। अमेरिका के टैरिफ (शुल्क) में कटौती की घोषणा के बाद गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भारतीय किसानों को ‘‘बेचने’’ का आरोप लगाये जाने के संबंध में पूछे जाने पर, सीतारमण ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि वाणिज्य मंत्री इस मुद्दे पर संसद में बयान देंगे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular