Monday, March 16, 2026
Homeताजा खबरHocky Five World Cup : भारतीय पुरुष टीम की कमान संभालेंगे सिमरनजीत,...

Hocky Five World Cup : भारतीय पुरुष टीम की कमान संभालेंगे सिमरनजीत, रजनी होंगी महिला टीम की कप्तान

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने ओमान के मस्कट में होने वाले आगामी एफआईएच हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए रविवार को भारतीय टीम की घोषणा की जिसमें सिमरनजीत सिंह और रजनी इतिमारपु क्रमशः पुरुष और महिला टीम की कमान संभालेंगे। हॉकी फाइव्स महिला विश्व कप 24 से 27 जनवरी तक आयोजित होगा जबकि पुरुषों की प्रतियोगिता 28 जनवरी से 31 जनवरी तक खेली जायेगी।

अनुभवी गोलकीपर रजनी की मदद के लिए डिफेंडर महिमा चौधरी उप कप्तान होंगी जबकि मनदीप मोर पुरुष टीम के उप कप्तान होंगे। महिला टीम में बंसारी सोलंकी दूसरी गोलकीपर होंगी जिसमें अक्षता अबासो ढेकाले और ज्योति छत्री डिफेंडर होंगी।

मिडफील्डरों में मारियाना कुजूर और मुमताज खान को शामिल किया गया है जबकि अजमीना कुजूर, रुताजा दादासो पिसल और दीपिका सोरेंग फॉरवर्ड होंगी। भारतीय महिलाओं को नामीबिया, पोलैंड और अमेरिका के साथ पूल सी में रखा गया है।

हॉकी फाइव्स महिला विश्व कप में कुल 16 टीमें भाग लेंगी जिसमें पूल ए में फिजी, मलेशिया, नीदरलैंड और मेजबान ओमान शामिल हैं जबकि पूल बी में आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन और जाम्बिया हैं। पूल डी में न्यूजीलैंड, पराग्वे, थाईलैंड और उरुग्वे शामिल हैं।

कोच सौंदर्या ने हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा, ‘‘टीम में युवा खिलाड़ी शामिल हैं जिनके पास पर्याप्त अंतरराष्ट्रीय अनुभव है और हॉकी फाइव्स विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में खेलने की चुनौतियों की समझ है। हम अच्छी तरह से तैयार हैं। ’’

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सिमरनजीत की अगुआई वाली भारतीय पुरुष टीम में गोलकीपर सूरज करकेरा और प्रशांत कुमार चौहान शामिल हैं।

डिफेंस में मनजीत के साथ मनदीप मोर होंगे जबकि मिडफील्ड में मोहम्मद राहील मौसीन और मनिंदर सिंह और फॉरवर्ड पंक्ति में कप्तान सिमरनजीत के साथ पवन राजभर, गुरजोत सिंह और उत्तम सिंह शामिल हैं।

भारत को पूल बी में रखा गया है जिससे नॉकआउट दौर में जगह बनाने के लिए उसे मिस्र, जमैका और स्विट्जरलैंड के खिलाफ खेलना होगा।

पूल ए में नीदरलैंड, नाइजीरिया, पाकिस्तान और पोलैंड और पूल सी में आस्ट्रेलिया, कीनिया, न्यूजीलैंड, त्रिनिदाद और टोबैगो शामिल हैं जबकि पूल डी में फिजी, मलेशिया, ओमान और अमेरिका मौजूद हैं।

कोच सरदार सिंह ने कहा, ‘‘हमने हॉकी के इस रोमांचक प्रारूप के लिए युवा और अनुभवी खिलाड़ियों वाली संतुलित टीम चुनी है। इस टीम में कई खिलाड़ियों को पहले ही इस प्रारूप में खेलने का अनुभव है और वे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं। हमने इस टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत की है और पोडियम पर पहुंचने के लिए उत्सुक हैं। ’’

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular