Monday, August 25, 2025
HomePush NotificationBulandshahr Accident : बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर ट्रक ने...

Bulandshahr Accident : बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर ट्रक ने मारी ट्रैक्टर को टक्कर, 8 की मौत और 43 लोग घायल

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तीर्थयात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे आठ लोगों की मौत और 43 घायल हो गए। सभी यात्री कासगंज से राजस्थान जा रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया।

Bulandshahr Accident : बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार देर रात दो बजे के बाद बुलंदशहर-अलीगढ़ सीमा पर अरनिया बाईपास के पास उस समय हुई जब एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई। सिंह ने बताया, ट्रैक्टर-ट्रॉली में 61 लोग सवार थे, जो कासगंज जिले के रफातपुर गांव से राजस्थान के जाहर पीर में तीर्थयात्रा के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि घायलों को एक निजी अस्पताल सहित कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

एसएसपी ने कहा, इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 43 अन्य का उपचार किया जा रहा है। इनमें से तीन घायलों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस ने बताया कि 10 यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से 10 को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, 10 को बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ट्रैक्टर चालक ईयू बाबू (40), रामबेटी (65), चांदनी (12), घनीराम (40), मोक्षी (40), शिवांश (6), योगेश (50) और विनोद (45) के रूप में हुई है। ये सभी कासगंज जिले के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि 43 घायलों में से 12 की उम्र 18 वर्ष से कम है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जिलाधिकारी श्रुति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने बताया कि हरियाणा में पंजीकृत ट्रक को जब्त कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बुलंदशहर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

पोस्ट में कहा गया, मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के समुचित उपचार का व्यय उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular