Anil Ambani ED Summons: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी के इस सप्ताह उसके समक्ष उपस्थित नहीं होने के बाद उन्हें 26 फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होने का ताजा समन जारी किया है. आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
ED के अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत उनके अलग-अलग बयान दर्ज करने के लिए उन्हें बुलाया है. अनिल अंबानी अगस्त 2025 में एक बार ED के सामने पेश हुए थे.
टीना अंबानी को ED दो बार जारी कर चुकी समन
अनिल अंबानी की पत्नी और पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी भी ईडी द्वारा दूसरी बार समन जारी किए जाने के बावजूद 17 फरवरी को एजेंसी के सामने पेश नहीं हुई थीं. उन्हें संघीय जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए पहला समन 10 फरवरी को जारी किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं जिसके बाद उन्हें नया नोटिस दिया गया था. यह स्पष्ट नहीं है कि ईडी ने उन्हें भी अगली तारीख दी है या नहीं.
टीना अंबानी से इस मामले में होगी पूछताछ
ऐसा माना जा रहा है कि टीना अंबानी को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी आवासीय संपत्ति की खरीद से जुड़े धन के लेन-देन के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ईडी ने हाल में इस मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था.
एजेंसी ने पहले एक बयान में आरोप लगाया था कि आरकॉम की कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (CIRP) के दौरान 2023 में न्यूयॉर्क स्थित इस संपत्ति को गर्ग ने धोखाधड़ी से बेचा था. समझा जाता है कि आरकॉम ने धोखाधड़ी से की गई इस बिक्री की जानकारी 2025 में शेयर बाजार को दी थी.




